फिल्म अभिनेता मनोज वाजपेयी मंगलवार को अल्मोड़ा पहुंचे। उन्होंने यहां एक दुकान में कुमाऊं के पारंपरिक आभूषणों के बारे में जानकारी ली। इस दौरान बाजार में अचानक फिल्म अभिनेता को देख लोगों की भीड़ लग गई। कई लोगों ने उनके साथ सेल्फी भी ली।
नगर में अचानक बॉलीवुड अभिनेता मनोज वाजपेयी पहुंचे। यहां तरुण ज्वेलर्स पहुंचकर उन्होंने दुकान संचालक से कुमाऊं के पारंपरिक आभूषणों के बारे में जानकारी ली। अभिनेता वाजपेयी को कुमाऊं के पारंपरिक आभूषण खूब भाए। दुकान स्वामी तरुण वर्मा ने बताया कि वह कुमाऊं के पारंपरिक आभूषणों की फोटो लेकर गए हैं। उन्होंने आभूषणों की सराहना की।
इस दौरान दुकान में मौजूद ग्राहक समेत आस-पास के दुकानदार भी मनोज वाजपेयी को देखकर वहां पहुंच गए। मनोज ने अपने फैन्स के साथ सरल स्वभाव के साथ जमकर सेल्फी ली। उनके साथ उनकी पत्नी और बेटी भी थी। जानकारी के अनुसार वह लॉकडाउन से पूर्व रामनगर में एक शूटिंग में पहुंचे थे। अल्मोड़ा बाजार घूमने के बाद वह कलेक्ट्रेट पहुंचे। मनोज वाजपेयी ने डीएम नितिन भदौरिया, सीडीओ मनुज गोयल, एसएसपी पीएन मीणा ने भी मुलाकात की।
फिल्म अभिनेता मनोज वाजपेयी ने कसारदेवी स्थित इंपीरियल हाइट पहुंचकर महिला क्रिकेटर एकता बिष्ट से मुलाकात की। एकता से बातचीत करते हुए उन्होंने छोटे शहर से किस तरह प्रतिभा निखार इस मुकाम पर पहुंचने की जानकारी ली। खुद भी पूर्व में क्रिकेटर बनने की चाह जताते हुए अपने जीवन के किस्से उनसे साझा किए। मनोज वाजपेयी ने कहा कि पूर्व में वह भी दिल्ली के एक क्रिकेट इंस्टीट्यूट में कोचिंग के लिए गए थे। लेकिन कोच द्वारा पहली गेंद पर ही आउट होने के बाद उनपर से क्रिकेट का बुखार उतर गया।
अभिनेता मनोज वाजपेयी ने अपनी बिटिया आभा से महिला क्रिकेटर एकता बिष्ट की मुलाकात करवाई। अभिनेता वाजपेयी ने अपनी बिटिया को एकता की तरह ही मेहनत और लगन के साथ नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि एकता छोटे शहर में मेहनत के साथ आगे बढ़ी हैं। उन्होंने बेटी आभा से एकता को अपना आदर्श बनाने के लिए भी कहा। एकता बिष्ट के भाई विनीत बिष्ट ने भी उनसे मुलाकात की।