उत्तराखंड में अल्मोड़ा के एक कॉलेज में अचानक इतनी बड़ी छिपकली को देखकर हड़कंप मच गया। इसके बाद वह बाजार में भी पहुंच गई। फिर देखिए वहां क्या हुआ...
शनिवार को अल्मोड़ा के रैमजे इंटर कॉलेज में एक करीब 5 फीट की छिपकली निकल आई। छिपकली को देखते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने इसकी सूचना तुरंत वन विभाग को दी।
इसी बीच मॉनीटर लिजर्ड भीड़ देखकर बाजार की तरफ निकल गई और एक दुकान में जा घुसी। यह देख व्यापारी के होश फाख्ता हो गए। इसी बीच आसपास के व्यापारी भी वहां पहुंच गए और काफी भीड़ जमा हो गई।
व्यापारी ने वन विभाग को सूचना देकर छिपकली को दुकान से बाहर करने का प्रयास किया लेकिन भीड़ देख घबराई मॉनीटर लिजर्ड दुकान के अंदर ही इधर-उधर छिपने का प्रयास करने लगी। इस बीच कुछ युवा व्यापारी वहां पहुंचे और उन्होंने किसी तरह मॉनीटर लिजर्ड को कैद कर लिया। बाद में वन विभाग की टीम पहुंची और उन्होंने बड़ी छिपकली को अपने कब्जे में ले लिया।
इधर वन क्षेत्राधिकारी संचिता वर्मा ने बताया कि मॉनीटर लिजर्ड उत्तराखंड में कई स्थानों में पाई जाती है। दुलर्भ प्रजाति में आने वाली इस छिपकली को मारने पर प्रतिबंध है। जिसमें सजा और जुर्माने का प्रावधान है। उन्होंने बताया कि फिलहाल मॉनीटर लिजर्ड को रेसक्यू सेंटर में रखा गया है। बाद में इसे दूर छोड़ दिया जाएगा।