शुक्रवार को शाहिद कपूर और श्रद्धा कपूर की आने वाली फिल्म 'बत्ती गुल मीटर चालू' का टीजर रिलीज हो गया है। शायद आपको पता न हो लेकिन सलमान खान की ' ट्यूबलाइट ' और 'बत्ती गुल मीटर चालू' में एक खास कनेक्शन है।
खास बात ये है कि दोनों फिल्मों का उत्तराखंड से गहरा नाता है। 'बत्ती गुल मीटर चालू' की अधिकतर शूटिंग उत्तराखंड के टिहरी, ऋषिकेश और मसूरी में हुई है। फिल्म की पृष्ट भूमि उत्तराखंड की पहाड़ी संस्कृति पर आधारित है। वहीं सलमान खान की ' ट्यूबलाइट ' में भी गढ़वाली लोक गीत 'छमा देई फूल देई' शामिल किया गया था। इसमें भी बहुत हद तक पहाड़ी रहन-सहन को दिखाया गया था।
उत्तराखंड की वादियों में शूट हुई इस फिल्म के 3 मिनट के ट्रेलर में शाहिद अपने दोस्त की लड़ाई लड़ते दिखाई दे रहे हैं। उनका दोस्त फैक्ट्री खोलता है और बिजली का बिल 54 लाख आने पर परेशान होकर आत्महत्या कर लेता है। शाहिद कपूर और श्रद्धा कपूर इसमें गढ़वाली शब्द 'बल' और 'कुमाऊंनी' शब्द ठहरा का प्रयोग करते नजर आ रहे हैं।
शाहिद कपूर अपने दोस्त की लड़ाई में शामिल होते हैं और उसे इंसाफ दिलाने निकल पड़ते हैं। शाहिद इस फिल्म में एक वकील की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म में शाहिद के अलावा श्रद्धा कपूर और यामी गौतम भी मुख्य भूमिका में हैं।
उत्तराखंड की पृष्ठभूमि पर बनी यह फिल्म बिजली विभाग में चल रहे भ्रष्टाचार पर आधारित है। फिल्म 21 सितंबर को रिलीज होगी। ट्रेलर में शाहिद कपूर के साथ दिव्यांशु शर्मा सपोर्टिंग रोल में नजर आ रहे हैं।