उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। उत्तराखंड के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में हुई बारिश मार्च में जनवरी जैसी ठंड का अहसास करा रही है।
मार्च में जनवरी जैसी ठंड का अहसास कराएंगी बर्फबारी की ये तस्वीरें
मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी कई क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया है। 18 से 20 मार्च तक धूप खिली रहेगी। 21 मार्च को फिर मौसम बिगड़ सकता है।
उत्तराखंड में बृहस्पतिवार को चारों धामों में दोपहर से शुरू हुआ बर्फबारी का सिलसिला शाम तक जारी रहा। चमोली जिले में बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब, रुद्रनाथ, गौरसों बुग्याल, रामणी टॉप, कांचुलाखर्क सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई, जबकि निचले क्षेत्रों में तेज सर्द हवाएं चलीं। केदारनाथ धाम में दोपहर 12 बजे से शाम पांच बजे तक तेज बर्फबारी हुई। इस दौरान धाम में आधा फीट नई बर्फ जम गई है।
द्वितीय केदार मद्महेश्वर धाम, तृतीय केदार तुंगनाथ व चोपता के ऊपरी क्षेत्रों में भी हिमपात हुआ है। उत्तरकाशी जिले के गंगोत्री व यमुनोत्री धाम सहित ऊंचाई वाले इलाकों में दोपहर बाद फिर से हल्की बर्फबारी शुरू हो गई। गंगोत्री घाटी में हल्की बर्फबारी शुरू होने से सुक्खी से आगे बर्फबारी के कारण गंगोत्री हाईवे के फिर से बाधित होने की आशंका है। दोपहर बाद से यमुनोत्री व गंगोत्री धाम में हल्की बर्फबारी शुरू हो गई।
निचली घाटी वाले क्षेत्र के गांव हर्षिल, मुखबा, धराली तथा जानकीचट्टी, खरसाली तक बर्फबारी का सिलसिला जारी है। इस वर्ष मार्च में ही हर्षिल प्रमुख सेब उत्पादक क्षेत्र में चार फीट तक बर्फबारी हो चुकी है।