उत्तराखंड में हाड़ कंपाने वाली ठंड का कहर, एक की मौत, भयंकर पाला और हिमस्खलन का अलर्ट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश सरकार ने ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी और हिमस्खलन को लेकर अलर्ट जारी किया है। इस संबंध में आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग ने देहरादून, चमोली, उत्तरकाशी, पौड़ी, नैनीताल, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग, चंपावत जनपदों के जिलाधिकारियों को पत्र जारी कर सावधानियां बरतने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारियों से कहा गया है कि दिन और रात अपने नजदीकी क्षेत्रों में गिर रही बर्फ व हिमस्खलन के बारे में जानकारी लेते रहें। लोगों के सचेत करें कि ऐसे क्षेत्रों में अति आवश्यक होने पर ही आवागमन करें अन्यथा इससे बचें। घरों, अस्थाई आवासों, गौशालाओं की छतों पर अधिक बर्फ जमा न होने दें और उसे यथाशीघ्र हटा दें।
पिथौरागढ़ में ठंड से नेपाली मजदूर की मौत
नेपाल के बजांग जिले के वार्ड नंबर चार निवासी चंद्र बोरा (36) पुत्र गंभीर बोरा पिथौरागढ़ में मजदूरी करता था। बृहस्पतिवार रात वह गांधी चौक के एक फड़ में सो गया। रात में अत्यधिक ठंड से उसकी मौत हो गई।
शुक्रवार सुबह फड़ में उसका शव देख लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। कोतवाली पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कोतवाल ध्यान सिंह ने बताया कि ठंड लगने से चंद्र बोरा की मौत हुई है। इधर, शुक्रवार को मौसम साफ रहा। अलबत्ता, बृहस्पतिवार को हुई बर्फबारी के बाद शुक्रवार को भी ठंड का अहसास हुआ।
उत्तरकाशी में बारिश और बर्फबारी से बढ़ी ठंड
तीन दिनों तक जिले की निचली घाटियों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के बाद शुक्रवार को कुछ घंटों के लिए खिली धूप ने राहत दी। हालांकि दोपहर बाद फिर से आसमान में बादल छाने और सर्द हवाएं चलने से जिले में कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी है।
शुक्रवार को जनपद में बारिश और बर्फबारी का सिलसिला थमा। दिन की शुरूआत चटक धूप के साथ हुई। हालांकि दिन चढ़ने के साथ ही एक बार फिर आसमान में बादल छा गए। इसके साथ ही सर्द हवाओं के चलते कड़ाके की ठंड का दौर अभी जारी है। बर्फबारी वाले इलाकों में शुक्रवार को भी लोगों को हाड़ कंपाती ठंड से राहत नहीं मिली। बर्फ की सफेद चादर बिछी होने के साथ ही सर्द हवाएं चलने के कारण लोग घरों में कैद रहे।
यमुनोत्री एवं गंगोत्री धाम समेत जिले के समुद्र सतह से ढाई हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्र बर्फ की आगोश में हैं। ऊंचाई वाले इलाकों में शाम होते होते एक बार फिर बारिश और बर्फबारी का मौसम बनने लगा है। जिला मुख्यालय समेत निचले घाटी वाले क्षेत्रों में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम शून्य दर्ज किया गया। जबकि बर्फबारी वाले क्षेत्रों में पारा शून्य से नीचे बना हुआ है। अभी तक प्रशासन की ओर से कहीं अलाव की व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
मैदानों में ठंड का प्रकोप बढ़ा 24 घंटे पाला पड़ने का अलर्ट
राजधानी में ठंड का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान में एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। दिन में हल्की धूप खिली, लेकिन सर्द हवाएं परेशानी का कारण बनी रहीं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे प्रदेशभर में पाला पड़ने का अलर्ट जारी किया है।
प्रदेशभर के पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी की वजह से मैदानी इलाकों में भी लगातार ठिठुरन बढ़ रही है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 22.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान छह डिग्री पर पहुंच गया। बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान सात डिग्री था। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे पहाड़ से लेकर मैदान तक पाला पड़ने का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि फिलहाल कहीं भी बारिश की संभावना नहीं है। मैदानी इलाकों में रात को पाला पड़ने के साथ ही सुबह कोहरे की संभावना है। आने वाले दिनों में पाले की वजह से ठंड का प्रकोप और बढ़ेगा।