अगर आप भी बिजली चोरी में शामिल हैं, तो सावधान हो जाइए। क्योंकि यूपीसीएल की विजिलेंस शाखा मुकदमे की कार्रवाई कर रही है।
यूपीसीएल की विजिलेंस ने 11 उपभोक्ताओं को बिजली चोरी करते पकड़ा है। इन सभी के खिलाफ विद्युत अधिनियम की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
उत्तराखंड पावर कारपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) की विजिलेंस इकाई ने बिजली चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए पिछले कुछ दिन से छापेमारी का अभियान चलाया हुआ है। बुधवार को विजिलेंस ने गढ़वाल क्षेत्र में हरिद्वार जिले की लवकुश कालोनी (मायापुर) में छापा मारकर 43 विद्युत कनेक्शनों की जांच की।
जिसमें से सात उपभोक्ताओं विद्युत चोरी करते पकड़ा गया। इसी तरह, ऊधमसिंह नगर जिले के ग्राम हलालापुर, बाजपुर में विजिलेंस ने चार उपभोक्ताओं को बिजली चोरी करते पकड़ा है। यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक बीसीके मिश्रा ने बताया कि यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
उन्होंने आमजन से अपील की है कि विद्युत चोरी की घटनाओं को हतोत्साहित करने के लिए अपने आसपास हो रही विद्युत चोरी की शिकायत यूपीसीएल के टोल फ्री नंबर 18001804185 पर दर्ज कराएं।