छह दिन पूर्व नैनीताल के सलड़ी क्षेत्र में जलती कार में मृत मिले अवतार सिंह का शव मंगलवार देर शाम उसके सामिया लेक सिटी स्थित आवास पर पहुंचा। करीब छह फीट के अवतार का कंकाल जब चार फीट की पोटली में पहुंचा तो वहां मौजूद हर व्यक्ति को अवतार की पत्नी नीलम की क्रूरता का एहसास हुआ। देर शाम ही शव का भूरारानी स्थित श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया।
जवान बेटे को खोने वाली अवतार की बुजुर्ग मां नक्षत्रो देवी अंतिम समय में बेटे का शव सामने होने के बावजूद उसका चेहरा नहीं देख पाई। शव घर पहुंचने पर नक्षत्रो देवी लोगों से एक बार बेटे का चेहरा दिखाने की गुहार लगाती रही। मां को यह भी पता नहीं था कि जलने के कारण बेटे का चेहरा देखने लायक रह ही नहीं गया था।
मंगलवार शाम जब अवतार का शव घर पहुंचा तो नेहा और रोहन अर्थी के आसपास घूम रहे थे। शव को ले जाने के बाद जब घर में चीत्कार मची तो नेहा भी सहम गई और पिता की शवयात्रा के अंतिम दर्शन के लिए परिजनों को नेहा को पिता की मौत के बारे में बताना पड़ा। इधर, पिता के शव के पास बैठे रोहन को अब भी अंदाजा नहीं था कि अब उसका हाथ थामने वाले पिता नहीं रहे।
हरियाणा के अवतार सिंह से प्रेम विवाह करने वाली पहाड़ की बेटी नीलम पहाड़ की बेटियों के त्याग और प्रेम को भी कलंकित कर दिया। अवतार सिंह की इस दर्दनाक हत्या को देखकर पांच दिन से उसके इंतजार में बैठी उसकी बहन परमजीत कौर रोते हुए बस एक ही बात कहती रही कि कोई भी पहाड़ में अपने बच्चों की शादी न करे।
सामिया कॉलोनी के लोगों की मानें में दो साल पहले भी नीलम ने अपने पड़ोस में रहने वाले एक युवक पर उसके साथ छेड़छाड़ का आरोप लगाया था। बाद में मामला थाने भी पहुंचा और दोनों में समझौता हो गया। परिजनों का कहना था कि अगर उसी समय अवतार ने नीलम को छोड़ दिया होता तो आज वह जिंदा होता।