विश्व कप 2019 के लिए टीम इंडिया का चयन होते ही देशभर के क्रिकेट फैंस में फूट पड़ चुकी थी। कुछ लोग जहां इस 15 सदस्यीय टीम में ऋषभ पंत का नाम न देखकर हैरान थे तो वहीं एक धड़ा ऐसा भी था जो दिनेश कार्तिक के चयन को बेहतर बता रहा था। मगर अब चयन के 48 घंटों के भीतर ही बीसीसीआई ने यू टर्न ले लिया।
ऋषभ पंत और अंबाती रायुडू समेत युवा पेसर नवदीप सैनी को स्टैंडबाय में शामिल कर लिया गया है। आखिर क्यों 15 अप्रैल को बीसीसीआई मुख्यालय मुंबई में भारतीय टीम की घोषणा में जगह न बना पाने वाले ऋषभ पंत और अंबाती रायुडू को बतौर स्टैंडबाय खिलाड़ी टीम में शामिल कर लिया गया।
पिछले कुछ मुकाबले और IPL के मौजूदा फॉर्म को देखा जाए तो ऋषभ पंत, कार्तिक पर भारी ही पड़ते हैं तो चलिए आपको बताते हैं कि आखिर क्यों इस 33 वर्षीय खिलाड़ी पर दांव लगाया गया और किस तरह से तमिलनाडु का यह विकेटकीपर बल्लेबाज विश्व कप में अहम भूमिका निभा सकता है।
भले ही दिनेश कार्तिक को विश्व कप के लिए भले ही बैकअप विकेटकीपर के रूप में चुने गए हो, लेकिन वे इंग्लैंड में भारत के लिए सलामी बल्लेबाज, फिनिशर या चौथे नंबर पर विशेषज्ञ बल्लेबाज की भूमिका निभा सकते हैं। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए ऑलराउंडर विजय शंकर के चुनाव ने यह स्पष्ट कर दिया था कि महेंद्र सिंह धोनी के चोटिल होने पर ही दूसरे विकेटकीपर को खेलने का मौका मिलेगा। हालांकि कार्तिक बहस का विषय बने चौथे नंबर के स्थान के लिए भारत का जवाब हो सकते हैं और जरूरत पड़ने पर पारी का आगाज भी कर सकत हैं।
दिनेश कार्तिक केदार जाधव के साथ फिनिशर की भूमिका निभाने के अलावा जरूरत पड़ने पर चौथे नंबर पर बल्लेबाजी भी कर सकते हैं। विकेटकीपिंग के साथ-साथ एक अच्छे क्षेत्ररक्षक होने से भी उनकी अहमियत में इजाफा होता है। बेशक डीके बैकअप विकेटकीपर है, लेकिन अगर कोई खराब फॉर्म से जूझ रहा होगा तो प्रबंधन उन्हें विशेषज्ञ बल्लेबाज के रूप में देख सकता है।
दो महीने पहले चयन समिति ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एकदिवसीय श्रृंखला के लिए कार्तिक की अनदेखी की थी जिसे विश्व कप के लिए भारत की अंतिम तैयारी माना जा रहा था। इससे लगने लगा था कि ऋषभ पंत दूसरे विकेटकीपर के स्थान के लिए उनकी पसंद है। इसके बाद केंद्रीय अनुबंध में ऋषभ पंत को 'ए' ग्रेड में शामिल करना भी इस ओर इशारा था कि पंत टीम मैनेजमेंट के पसंदीदा बन चुके हैं। हालांकि अहम मौकों पर पंत का गैरजिम्मेदाराना खेल भी दिनेश कार्तिक के पक्ष में गया होगा।