पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर जावेद मियांदाद ने उमर अकमल को लगातार विवादों में रहने के लिए लताड़ लगाई है। पाकिस्तानी क्रिकेट बोर्ड ने अकमल को कुछ दिन पहले ही एंटी करप्शन कोड के अनुच्छेद 4.7.1 के तहत निलंबित कर दिया था। इस निलंबन के बाद अब उमर अकमल पीसीबी की भ्रष्टाचार-रोधी इकाई द्वारा की जा रही जांच को लंबित रखने वाली किसी भी क्रिकेट से संबंधित गतिविधि में भाग नहीं ले पाएंगे।
अकमल को फटकार लगाते हुए मियांदाद ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि, अमर अकमल आपके ससुर अब्दुल कादिर मेरे बहुत अच्छे दोस्त और महान क्रिकेटर थे। मैं उनकी खातिर आपको खुद को सही करने के लिए चेतावनी दे रहा हूं। अगर इसके बावजूद आपने खुद को नहीं सुधारा तो आप मेरे प्रति जवाबदेह होंगे। आगे उन्होंने कहा कि मैं उमर के माता पिता से आग्रह कर रहा हूं कि अपने बेटे को संभाले, क्योंकि वह अपना करियर बर्बाद कर रहा है।
जावेद ने कहा कि मैं उससे कहना चाहता हूं कि वो जल्द से अपनी छिछोरी हरकतें बंद कर दें। नहीं तो ये सब तुम्हारे करियर को बर्बाद कर देगा। आप अपने देश की छवि को नुकसान पहुंचा रहे हैं। साथ पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटरों का भी नाम बदनाम कर रहे हैं।
उमर ने कुछ दिन पहले ही फिटनेस टेस्ट के दौरान अपने सारे कपड़े उतार दिए थे और ट्रेनर पर भड़क गए थे। क्योंकि ट्रेनर उन्हें अनफिट बताया था। अकमल पाकिस्तान की तरफ से अब तक 200 से अधिक अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं और इस दौरान उन्होंने पांच हजार से अधिक रन बनाए। अकमल ने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 2019 में श्रीलंका के खिलाफ खेला था।
टेस्ट में फेल होने के बाद उमर ने अपने कपड़े उतारकर ट्रेनर पर चिल्लाया था और पूछा था कि बताओ फैट कहां है? फिटनेस टेस्ट लेने वाली टीम ने उनकी शिकायत पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीब) से कर कर दी थी।