आज से करीब 19 साल पहले 11 मार्च से 15 मार्च के बीच कोलकाता के ईडन गार्डन मैदान पर एक टेस्ट मैच खेला गया। मुकाबला हुआ विश्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच। इस मैच में भारत के दो बल्लेबाजों ने ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को नाको चने चबवा दिए। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कोलकाता टेस्ट में वीवीएस लक्ष्मण और राहुल द्रविड़ की ऐतिहासिक पारी ने दुनिया को हैरान कर दिया था। इस टेस्ट मैच में द्रविड़-लक्ष्मण की पारी के दम पर भारतीय टीम ने फॉलोऑन खेलते हुए ऑस्ट्रेलियाई टीम को हरा दिया था। 14 मार्च को ही वो अद्भुत पारी ईडन गार्डन के मैदान पर खेली गई थी।
कोलकाता टेस्ट में टीम इंडिया की शानदार जीत ने ने ऑस्ट्रेलिया के लगातार 16 मैचों से चले आ रहे विजयी रथ पर ब्रेक लगा दिया था। टीम इंडिया की 'द वॉल' के नाम से लोकप्रिय पूर्व बल्लेबाज राहुल द्रविड़ और स्टाइलिश टेस्ट बल्लेबाज 'वेरी-वेरी स्पेशल' वीवीएस लक्ष्मण ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 376 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी की थी, जिसे क्रिकेट के इतिहास में कभी भुलाया नहीं जा सकता।
यह मैच वैसे शुरुआती दिनों में उतना आसान नहीं लगा। पहली पारी में टीम इंडिया विपक्षी ऑस्ट्रेलिया के 445 रनों के जवाब में 171 रनों पर ऑलआउट हो गई थी। मगर दूसरी पारी में वीवीएस लक्ष्मण ने 281 रनों की अद्भुत पारी खेली। उनके साथ राहुल द्रविड़ ने भी शतक ठोका और 180 रन बनाए। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 376 रन की साझेदारी की थी।
ऑस्ट्रेलिया के 274 रन से पीछे चल रही टीम इंडिया हार के कगार पर खड़ी थी, लेकिन फॉलोऑन में राहुल द्रविड़ और वीवीएस लक्ष्मण ने जो किया वह क्रिकेट के इतिहास के सुनहरे पन्नों में दर्ज हो गया। टीम इंडिया के 232 रन पर चार विकेट गिर गए थे और क्रीज पर लक्ष्मण व द्रविड़ थे। दोनों बल्लेबाजों ने टीम इंडिया को अच्छी खासी 384 रनों की बढ़त दिला दी।
इस मुकाबले की दूसरी पारी में लक्ष्मण ने 281 रन जबकि द्रविड़ ने 180 रन की बेहतरीन पारी खेली। दोनों के बीच 101.4 ओवर में 376 रन की साझेदारी हुई थी। बाद में टीम इंडिया ने अंतिम दिन के 68.3 ओवरों में ऑस्ट्रेलिया को 212 रन पर समेटकर मैच 171 रन से जीत लिया था। दूसरी पारी में युवा हरभजन सिंह ने छह विकेट लिए और सचिन ने भी तीन विकेट चटकाए थे।