टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने शुक्रवार को स्पष्ट किया है कि वह हार्दिक पांड्या पर संभावित प्रतिबंध से चिंतित नहीं हैं क्योंकि टीम के पास रवींद्र जडेजा के रूप में उपयुक्त विकल्प है। हार्दिक पांड्या ने एक टीवी शो में महिलाओं के बारे में अनुचित टिप्पणी की थी, जिसके बाद से वह आलोचनाओं से घिरे हुए हैं। मेहमान टीम को सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर शनिवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज का पहला वन-डे खेलना है।
कोहली ने कांफ्रेंस में कहा, 'हमने भारत में वेस्टइंडीज के खिलाफ एक फिंगर और एक रिस्ट स्पिनर के साथ मैदान संभाला था। इसलिए ये अच्छा है कि हमारे पास जडेजा जैसा खिलाड़ी मौजूद है। अगर पांड्या पर संभवत: बैन लगता है तो फिर वह ऑलराउंडर की भूमिका निभाने के लिए पूरी तरह तैयार रहेंगे।'
पांड्या की परिस्थिति के बारे में बात करते हुए कप्तान कोहली ने कहा कि हम एक टीम के रूप में ज्यादा चिंतित नहीं हैं क्योंकि हमारे पास वो खिलाड़ी हैं, जो टीम में बराबर का संतुलन बनाते हैं। यही वजह है कि हम हमेशा अपने साथ ऐसे खिलाड़ी रखते हैं जो बल्ले और गेंद से अच्छा प्रदर्शन कर सकें।
इसके अलावा कोहली ने मौजूदा टीम संयोजन पर खुशी जताई और कहा कि विश्व कप के लिए टीम में ज्यादा बदलाव होना मुश्किल हैं। बता दें कि 2019 विश्व कप की शुरुआत इंग्लैंड में 30 मई से होगी। कोहली ने कहा, 'विश्व कप से पहले हमारे पास ज्यादा मैच नहीं बचे हैं। हम इसलिए मिले मौकों पर उन खिलाड़ियों को मौका देना चाहते हैं जो विश्व कप में खेलते हुए नजर आएंगे। जसप्रीत बुमराह को आराम दिया गया क्योंकि वह टेस्ट सीरीज में बहुत थक गया।'
पांड्या विवाद पर बातचीत करते हुए कप्तान विराट कोहली ने कहा, 'हम भारतीय टीम और जिम्मेदार क्रिकेटर होने के नाते इन ख्यालों से संबंध नहीं रखते हैं। यह उनके निजी विचार थे। हम इंतजार कर रहे हैं कि क्या फैसला लिया जाएगा।'