आईपीएल में एबी डीविलियर्स और विराट कोहली का एक्स फैक्टर हमेशा से आरसीबी के लिए फायदेमंद साबित हुआ है। कोहली और डीविलियर्स की ओपनिंग जोड़ी ने आईपीएल में अब तक सबसे ज्यादा रन बटोरने का रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर रखा है।
आईपीएल में दोनों को एक साथ देख ऐसा लगता है जैसे फुटबॉल के महान खिलाड़ी लियोनेल मेसी और क्रिस्टियानो रोनाल्डो एक साथ मैदान पर जुगलबंदी कर रहे हों। बता दें कि रॉयल चैंलेंजर बैंगलोर के लिए एक साथ खेलते हुए दोनों खिलाड़ियों को सात साल हो चुके हैं। आइए जानते हैं दोनों की अब तक की सर्वश्रेष्ठ गोल्डन पार्टनरशिप के बारे में।
आरसीबी बनाम दिल्ली डेयरडेविल्स (2016)
साल 2016 के आईपीएल में दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ कोहली और डीविलियर्स ने बेहतरीन 107 रन की पारी खेली थी। बता दें कि इस मैच में कैरीबियाई बल्लेबाज क्रिस गेल जल्दी पवेलियन लौट गए थे। इसके बाद डीविलियर्स और कोहली के बीच बेहतरीन साझेदारी हुई। इस मैच में कोहली ने 48 गेंदों पर 79 रन और डीविलियर्स ने सिर्फ 33 गेंदों पर 55 रन की पारी खेली थी।
केकेआर बनाम आरसीबी (2016)
आईपीएल 2016 के 48वें मैच में एक बार फिर ऐसा ही कारनाम देखने को मिला। इस मैच में केकेआर ने आरसीबी के सामने 184 रन की चुनौती रखी थी। 49 के स्कोर पर गेल का विकेट गिरने के बाद कोहली-डीविलियर्स ने पारी को संभालते हुे 115 रन की साझेदारी की। कोहली ने 79 और डीविलियर्स ने 59 रन बनाए थे।
आरसीबी बनाम एसआरएच (2016)
इस मैच में कैरीबियाई बल्लेबाज क्रिस गेल का 6 रन के स्कोर पर विकेट गिरने के बाद कोहली और डीविलियर्स ने एक बार फिर टीम की साख बचाई। दोनों के बीच सिर्फ 87 गेंदों पर 157 रन की ताबड़तोड़ साझेदारी हुई। कोहली ने जहां 75 रन बनाए, वहीं डीविलियर्स ने सिर्फ 42 गेंदों पर 82 रनों की तूफानी पारी खेली।
आरसीबी बनाम मुंबई इंडियंस (2015)
साल 2015 में खेले गए आईपीएल के 10वें मैच में आरसीबी का सामना मुंबई इंडियंस से हुआ। इस मैच में गेल 20 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद इस मैच में दोनों खिलाड़ियों के बीच 133 रन साझेदारी हुई। विराट कोहली की नाबाद 82 रन की पारी बदौलत आरसीबी ने इस मैच में 236 रन का पहाड़ जैसा लक्ष्य मुंबई इंडियंस के सामने रखा।