ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने भाई की गिरफ्तारी मामले में निजता का सम्मान करने की गुजारिश की है। ऑस्ट्रेलिया को टीम इंडिया के खिलाफ 6 दिसंबर से एडिलेड में पहला टेस्ट मैच खेलना है। उस्मान टेस्ट से पहले बड़ी मुसीबतों में घिर गए हैं। उनके भाई को मंगलवार को झूठे आतंकी साजिश के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
ख्वाजा के हवाले से क्रिकेट डॉट कॉम डॉट एयू ने कहा, 'यह मामला पुलिस के संज्ञान में है और वह इसमें अपना काम कर रही है। प्रक्रिया से बाहर की बात करूं तो मेरे लिए किसी प्रकार की टिप्पणी करना अनुचित होगा। मैं आपसे गुजारिश करता हूं कि इस समय मेरी और मेरे परिवार निजता का सम्मान करें।'
इस बीच ख्वाजा ने कहा कि टीम इंडिया के खिलाफ अगर उन्हें ओपनिंग करने का कहा जाता है तो वह इस बारे में दूसरी बार कुछ सोचेंगे भी नहीं। उन्होंने कहा, 'आपको ओपनर के रूप में सिर्फ 10 मिनट तैयार होने का समय मिलता है। मुझे नंबर-3 पर बल्लेबाजी करना पसंद है क्योंकि आपको थोड़ा आराम मिल जाता है। आप सांस ले पाते हो। आप आराम से अपनी किट पहनते हो, ओपनर्स को खेलते देख पाते हो। मगर इससे ज्यादा फर्क नहीं पड़ता। इसलिए मुझे कोई दिक्कत नहीं कि ओपनिंग करूं या फिर कहीं और बल्लेबाजी करूं।'
बता दें कि ख्वाजा के भाई अर्सलान ख्वाजा को टेरर टारगेट की नकली सूची बनाने के मामले में गिरफ्तार किया गया है। एक पुलिस सूत्र ने बताया कि अर्सलान को सिडनी में गिरफ्तार किया गया। उन पर न्याय को प्रभावित करने के लिए नकली दस्तावेजों का सहारा लेने का आरोप है।
39 वर्षीय अर्सलान ख्वाजा पर आरोप है कि उन्होंने अपने यूनिवर्सिटी के पूर्व साथी मोहम्मद कामेर निजामदीन को पुलिस को यह विश्वास दिलाकर स्थापित किया कि तत्कालीन प्रधानमंत्री मालकॉम टर्नबुल को मारने के लिए साजिश में 26 वर्षीय भी हिस्सा था।