एमएस धोनी की शानदार अर्धशतकीय पारियों की बदौलत टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज पर 2-1 से कब्जा जमाया। ऑस्ट्रेलिया की सरजमीं पर भारत ने पहली बार टेस्ट और वनडे में जीत का परचम लहराया है।
टीम इंडिया की इस जीत से न सिर्फ फैंस बल्कि क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी भी काफी खुश हैं। यहां तक कि पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर डीन जोंस ने भी इस पर अपनी खुशी जाहिर की। पूर्व क्रिकेटर ने भारत के इस दौरे को ऑस्ट्रेलिया में उनका सबसे सफल दौरा बताया।
जोन्स ने एक अंग्रेजी अखबार के माध्यम से लिखा, 'ये ऑस्ट्रेलिया में भारत का अब तक का सबसे सफल दौरा था। इस दौरे पर जो हल्का सा दाग है वो पर्थ में टीम इंडिया का प्रदर्शन, लेकिन पूरी तरह से देखा जाय तो ज्यादातर खिलाड़ियों ने विदेश में अच्छा खेला। सभी ने इस सफल दौरे में अपना योगदान दिया।'
इसके अलावा जोन्स ने टीम इंडिया की मौजूदा ब्रिगेड की तुलना 80 के दशक वाली वेस्टइंडीज टीम से भी की। उन्होंने लिखा, 'टीम इंडिया इस वक्त 80-90 के दशक वाली कैरेबियाई टीम बन चुकी है। यह टीम किसी भी देश में जाकर जीत हासिल करने का दम रखती है। विंडीज ये करने में काबिल थी और उनके पास वो 'डराने वाला फैक्टर' था।'
उस दौर में वेस्टइंडीज के पास विव रिचर्ड्स, कर्टनी वॉल्श और मालकॉम मार्शल जैसे धांसू खिलाड़ी थे। इसी तरह मौजूदा कोहली ब्रिगेड भी कई स्टार खिलाड़ियों से भरी हुई है।