टीम इंडिया के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने मीडिया से बातचीत में बहुत बड़ी बात कही है। इस दौरान उन्होंने कहा कि एक मैच हारने से टीम का विश्वास कम नहीं हुआ है और टीम अपने गलतियों से सबक लेकर अगले मैच में वापसी करेगी। गौरतलब है कि तीन टेस्ट मैचों की सीरीज का दूसरा मैच 13 जनवरी को सेंचुरियन में खेला जाना है।
गुजरात के इस तेज गेंदबाज ने गुरुवार को मीडिया से बातचीत में कहा, 'एक मैच हारने से हमारा विश्वास कम नहीं हुआ है। यदि ऐसा होता है, तो आप खेलने के हकदार नहीं है। आप अपने गलतियों से सीख लेकर आगे बढ़ते हैं। ऐसा नहीं है कि किसी एक खिलाड़ी ने गलती की हो।'
केप टाउन टेस्ट से अपने इंटरनेशनल टेस्ट क्रिकेट करियर में पदार्पण करने वाले बुमराह ने कहा, 'मेरे लिए पहला टेस्ट मैच काफी अच्छा रहा और मैंने इससे काफी कुछ सीखा। क्योंकि मैं पहली बार दक्षिण अफ्रीका में खेल रहा था। हमें पहले टेस्ट से काफी कुछ सीखने की जरुरत है, लेकिन अब समय आ गया है कि हम अपना सारा ध्यान दूसरे टेस्ट पर लगाए।' बता दें कि उन्होंने इस मैच में चार विकेट लिए थे।
मालूम हो कि टीम इंडिया को दक्षिण अफ्रीका दौरे पर तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मैच में केप टाउन में 72 रन से हार का सामना करना पड़ा था। इसके साथ ही दक्षिण अफ्रीका सीरीज में 1-0 से आगे है।
बता दें कि केपटाउन में दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी 286 रन पर सिमटी थी, जिसके बाद टीम इंडिया 209 रन पर सिमटी। पहली पारी के आधार पर मेजबान टीम को 77 रन की बढ़त मिली। हालांकि, चौथे दिन दक्षिण अफ्रीका की टीम 130 रन पर ढेर हो गई और टीम इंडिया को 208 रन का लक्ष्य मिला। इसका पीछा करते हुए टीम इंडिया 135 रन पर ऑलआउट हो गई थी।