टीम इंडिया के पूर्व कप्तान एमएस धोनी ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शुक्रवार को संपन्न वन-डे सीरीज में विकेट के पीछे बेहतरीन प्रदर्शन किया, लेकिन बल्ले से उनका परफॉरमेंस अपेक्षाकृत कमजोर रहा। 36 वर्षीय धोनी की फिनिशिंग क्षमता कमजोर पड़ती दिखने लगी है, जो भूमिका उन्होंने देश के लिए करीब एक दशक तक पुख्ता तौर पर निभाई।
इसे देखने के बावजूद भारतीय टीम प्रबंधन ने धोनी को निचलेक्रम पर भेजना जारी रखा और दक्षिण अफ्रीका में भी उन्हें या तो क्रीज पर जमने का मौका नहीं मिला या फिर जल्द ही उनकी पारी का अंत हुआ। आईपीएल-11 में धोनी के टीम साथ रहने वाले सुरेश रैना ने हालांकि, धोनी से बल्लेबाजी में कमाल का प्रदर्शन निकलवाने की तरकीब सुझाई है।
रैना का मानना है कि टीम इंडिया को अगर धोनी से कमाल का प्रदर्शन निकलवाना है तो उन्हें उपरीक्रम पर बल्लेबाजी कराना चाहिए। रैना ने कहा, 'मेरा मानना है कि धोनी को ऊपर आकर बल्लेबाजी करना चाहिए। वह ऐसे में बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे क्योंकि उन्हें विकेट पर समय बिताने का वक्त मिल जाएगा। वह इस तरह के खिलाड़ी हैं, जो ऊपर आकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा देते हैं।'
रैना ने आगे कहा, 'दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आगामी टी20 इंटरनेशनल सीरीज महत्वपूर्ण हैं। इसके बाद बांग्लादेश में सीरीज है और फिर आईपीएल। मगर 50 ओवर के क्रिकेट का अनुभव जरूरी है। इससे काफी फर्क पड़ता है। जब आप चौथे या पांचवें क्रम पर बल्लेबाजी करने उतरते हैं तो आराम नहीं कर सकते।'
बाएं हाथ के बल्लेबाज ने कहा, 'आपको लगातार रन बनाना होते हैं। एक कप्तान और कोच को महसूस हो कि आप उपयोगी खिलाड़ी हैं, उसके लिए आपको अच्छी बल्लेबाजी, फील्डिंग, गेंदबाजी और विकेटकीपिंग करना होती है। आपको लगातार अपनी बल्लेबाजी में तब्दीली करना होती है। अगर शीर्ष तीन बल्लेबाज अच्छा प्रदर्शन करे और मिडिल ऑर्डर भी बढ़िया खेले तो आप 340-350 रन तक का स्कोर चेस कर सकते हैं। जब भी कोहली, रोहित और धवन बढ़िया लय में होते हैं तो बड़ा स्कोर ही बनाते हैं।'