दो दशकों से ज्यादा क्रिकेट खेलने वाले दुनिया के महानतम बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को आपने हमेश ब्लू जर्सी में देखा होगा। टीम इंडिया के लिए वनडे, टेस्ट और टी-20 क्रिकेट खेलने वाले सचिन तेंदुलकर ने 15 नवंबर 1989 को अपने इंटरनेशनल करियर का आगाज किया था।
हालांकि फैंस को शायद यह नहीं मालूम होगा कि सचिन तेंदुलकर अपनी चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के लिए भी फील्डिंग कर चुके हैं। दरअसल 20 जनवरी 1987 सचिन की उम्र 14 साल भी नहीं थी। पाकिस्तान के दौर पर गई टीम इंडिया मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में प्रैक्टिस मैच खेल रही थी।
40 ओवर के इस मैच में आखिरी घंटा चल रहा था, तब पाकिस्तान के दो सीनियर खिलाड़ी जावेद मियांदाद और अब्दुल कादिर आराम करने होटल चले गए। इसी बीच पाकिस्तान के कप्तान इमरान खान विपक्षी टीम के कप्तान हेमंत केंकरे के पास गए और कहा कि उनके पास फील्डर कम हैं। उन्हें तीन-चार खिलाड़ियों की जरूरत है।
इस दौरान सचिन तेंदुलकर और खुशरू वसानिया आस-पास ही घूम रहे थे। हेमंत केंकरे ने सचिन को पाकिस्तानी क्रिकेटरों के साथ फील्डिंग करने का मौका दिया। अगले 25 मिनट तक उन्होंने पाकिस्तान के लिए फील्डिंग की और कई बार गेंद को विकेटकीपर और गेंदबाज के पास थ्रो किया।
एक वक्त ऐसा भी आया जब कपिल देव का कैच सचिन की तरफ आया। सचिन खूब दौड़े लेकिन पहुंच नहीं सके। बाद में उन्होंने अपने साथी के पास निराशा भी जताई। कहा कि उन्हें कैच पकड़ लेना चाहिए था। इस मैच के करीब 2 साल 8 महीने बाद सचिन ने पाकिस्तान के खिलाफ ही अपने करियर का आगाज किया। इसके बाद दो अगले दो दशकों तक क्रिकेट में इस बल्लेबाज ने कोहराम मचा के रखा।