भारतीय टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत टेस्ट क्रिकेट में दमदार वापसी करने में कामयाब हुए हैं। इसका फायदा उन्हें आईसीसी की टेस्ट रैंकिंग में भी हुआ है। वह छठे स्थान पर पहुंच गए हैं। वहीं, भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा और धाकड़ बल्लेबाज विराट कोहली को पांच-पांच पायदानों का नुकसान झेलना पड़ा है। इसके अलावा वनडे रैंकिंग में अफगानिस्तान के सलामी बल्लेबाज रहमनुल्लाह गुरबाज ने बड़ा कारनामा किया है। वह शीर्ष 10 में पहुंचने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं।
पंत का शानदार कमबैक
दिसंबर, 2022 में एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद पंत ने हाल ही में बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए पहले टेस्ट मुकाबले में वापसी की थी। इस दौरान उन्होंने अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया। दूसरी पारी में 26 वर्षीय बल्लेबाज ने जोरदार शतक लगाया और टेस्ट रैंकिंग में 731 अंकों के साथ छठे पायदान पर पहुंच गए। वहीं, युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को एक स्थान का फायदा हुआ है। वह पांचवें स्थान पर पहुंच गए। उनके खाते में 751 अंक हैं।
शीर्ष चार में कोई बदलाव नहीं
बुधवार को आईसीसी की तरफ से जारी की गई टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष चार स्थानों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज जो रूट 899 अंकों के साथ पहले स्थान पर काबिज हैं, जबकि दूसरे पायदान पर न्यूजीलैंड के स्टार बल्लेबाज केन विलियमसन (852) मौजूद हैं। तीसरे और चौथे स्थान पर क्रमश: डेरिल मिचेल (760) और स्टीव स्मिथ (757) बने हुए हैं।
4 of 5
जडेजा-अश्विन
- फोटो : BCCI
गेंदबाजी में अश्विन शीर्ष पर, बुमराह को मिला फायदा
नई रैंकिंग में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह एक स्थान के फायदे के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। चेन्नई टेस्ट में उन्होंने कुल पांच विकेट चटकाए थे। वहीं, इस लिस्ट में शीर्ष पर अश्विन हैं। छह विकेट लेने का कारनामा करने वाले दिग्गज ऑफ स्पिनर 871 अंकों के साथ शीर्ष पर हैं। उन्होंने हाल ही में 37वीं बार पांच विकेट हॉल लेने का कारनामा किया था। दिग्गज ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को भी एक स्थान का फायदा हुआ है। वह 804 अंकों के साथ छठे पायदान पर पहुंच गए हैं। शीर्ष 10 में भारत के ये तीन खिलाड़ी ही शामिल हैं।
5 of 5
रहमनुल्लाह गुरबाज
- फोटो : ICC
गुरबाज शीर्ष 10 में शामिल
आईसीसी ने टेस्ट रैंकिंग के अलावा वनडे रैंकिंग भी जारी की है। इसमें अफगानिस्तान के बल्लेबाज रहमनुल्लाह गुरबाज को तगड़ा फायदा हुआ है। वह वनडे की बल्लेबाजी रैंकिंग में शीर्ष 10 में पहुंचने वाले अफगानिस्तान के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। 10 पायदानों के फायदे के साथ वह आठवें स्थान पर पहुंच गए हैं। उनके खाते में 692 अंक हैं। हाल ही में उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शतक जड़ा था। इस रैंकिंग में पाकिस्तान के बाबर आजम 824 अंकों के साथ शीर्ष पर हैं। वहीं, रोहित शर्मा, शुभमन गिल और विराट कोहली क्रमश: दूसरे, तीसरे और चौथे पायदान पर हैं।