टीम इंडिया को रविवार को धर्मशाला में खेले गए पहले वन-डे में अपेक्षाकृत कमजोर श्रीलंका से सात विकेट की शिकस्त झेलना पड़ी। टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी की और पूरी टीम 112 रन पर ढेर हो गई। जवाब में श्रीलंका ने तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
2 of 5
रोहित शर्मा
- फोटो : BCCI
रोहित शर्मा पहली बार टीम इंडिया का नेतृत्व कर रहे थे और उनका अनुभव बेहद खराब रहा। हार के बाद टीम इंडिया के कप्तान ने कहा, 'दो मैच बचे हैं, लेकिन इसके बारे में सोचने से पहले यह बात जानना भी जरूरी है कि आज हमने बल्ले से अच्छा प्रदर्शन नहीं किया। हमने बड़ा स्कोर खड़ा नहीं किया। गेंदबाजों ने अपना काम बखूबी किया और यह कह सकता हूं कि उन्होंने अपना 200 प्रतिशत झोंका।'
उन्होंने आगे कहा, 'अगर हमने 70-80 रन और बनाए होते तो मैच का रुख बदल सकते थे। मगर आज का मैच हम बैटिंग के कारण हारे। हमें इस तरह की परिस्थिति में अपने आप को ढालकर बेहतर खेलने की जरुरत है। हमें हमेशा फ्लैट पिचों पर खेलने का मौका नहीं मिलेगा।'
4 of 5
रोहित शर्मा
- फोटो : ESPN
हिटमैन ने कहा, 'हमारे बल्लेबाजों के लिए आज का दिन आदर्श नहीं था। यह आंखे खोल देने वाला मैच रहा। उम्मीद करता हूं कि एकजुट होकर अगले दो मैचों में दमदार प्रदर्शन कर सकें।' 30 साल के रोहित शर्मा ने टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ी एमएस धोनी की जमकर तारीफ की।
रोहित ने कहा, 'धोनी ने कई वर्षों से टीम को संकट से बाहर निकाला है और उन्हें पता है कि इस तरह की परिस्थिति में कैसे खेलना है। उनके साथ कोई क्रीज पर टिकता तो मैच का परिणाम अलग भी हो सकता था। मगर वो अकेले बल्लेबाजी कर रहे थे।' कप्तान के रूप में पहला मुकाबला गंवाने को रोहित अच्छा अनुभव नहीं मानते। बकौल रोहित, 'पहली बार टीम की कप्तानी करते हुए मैच हारना अच्छा अनुभव नहीं रहा। खैर, अब हमें यह भूलकर आगे बढ़ना होगा और अगले दो मैचों में बेहतरीन प्रदर्शन करना होगा।'