ऋषभ पंत ने एक बार फिर साबित किया कि वह भारतीय क्रिकेट का सुनहरा भविष्य हैं। बाएं हाथ के युवा बल्लेबाज ने इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें व अंतिम टेस्ट में 114 रन की बेहतरीन पारी खेली। हालांकि, वह अपनी टीम की हार को टाल नहीं सके और भारत सीरीज 1-4 के अंतर से गंवा बैठा। बहरहाल, 146 गेंदों में 15 चौकों और चार छक्कों की मदद से पहला टेस्ट शतक जमाने वाले पंत ने एमएस धोनी का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
पंत इंग्लैंड में शतक लगाने वाले पहले भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज बने। अपना तीसरा टेस्ट मैच खेल रहे पंत ने लेग स्पिनर आदिल रशीद की गेंद पर छक्का लगाकर 117 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया। इसके साथ ही यह चौथी पारी में किसी भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज द्वारा बनाया गया सर्वोच्च स्कोर भी है। पंत ने अपनी इस पारी में पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को पीछे छोड़ा। इससे पहले यह रिकॉर्ड पूर्व कप्तान एमएस धोनी के नाम दर्ज था, जिन्होंने 2007 के इंग्लैंड दौरे पर लॉर्ड्स में नाबाद 76 बनाए थे।
वहीं पंत ने इंग्लैंड में भारतीय विकेटकीपर द्वारा सर्वोच्च स्कोर का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। इससे पहले यह रिकॉर्ड धोनी के नाम था, जिन्होंने 2007 में इंग्लैंड में 92 रन बनाए थे। बाएं हाथ के विकेटकीपर बल्लेबाज पार्थिव पटेल ने इंग्लैंड के खिलाफ मोहाली टेस्ट की दूसरी पारी में 67 रनों की नाबाद पारी खेली थी, जो चौथी पारी में किसी भारतीय विकेटकीपर द्वारा बनाया गया तीसरा सर्वोच्च स्कोर है।
पंत सबसे कम उम्र में पहला टेस्ट शतक लगाने वाले दूसरे भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 20 साल 342 दिन की उम्र में शतक जमाया। सबसे कम उम्र में पहला टेस्ट शतक लगाने का रिकॉर्ड अजय रात्रा के नाम दर्ज है, जिन्होंने 2002 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 20 साल 150 दिन की उम्र में यह कमाल किया था।
ऋषभ पंत एशिया के बाहर टेस्ट शतक जमाने वाले चौथे भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज बने। कपिल देव, इरफान पठान और हरभजन सिंह के बाद अपने पहला शतक छक्के के साथ पूरा करने वाले चौथे भारतीय बल्लेबाज बने पंत। ऋषभ पंत चौथी पारी में शतक जमाने वाले सातवें विकेटकीपर बने।