टीम इंडिया ने शुक्रवार को बांग्लादेश को हराकर एशिया कप में लगातार तीसरी जीत दर्ज की। शुक्रवार को खेले गए सुपर-4 मुकाबले में भारतीय टीम ने बांग्लादेश को 7 विकेट से करारी शिकस्त दी। इस मुकाबले में रविंद्र जडेजा ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। आइए जानते हैं कि जीत के बाद उन्होंने क्या कहाः
15 महीने बाद जडेजा की वापसी, बोले- जिसका था इंतजार मिल गया आखिरकार
तकरीबन 15 महीने बाद वन-डे क्रिकेट में वापसी कर रहे रविंद्र जडेजा ने बांग्लादेश के खिलाफ सुपर-4 के पहले मुकाबले में शानदार गेंदबाजी की। इस दौरान उन्होंने 4 महत्वपूर्ण विकेट झटके। बता दें कि जडेजा ने अपना आखिरी वन-डे जुलाई 2017 में खेला था।
रविंद्र जडेजा ने इस मुकाबले में 10 ओवर में 29 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। इस दौरान उन्होंने शाकिब अल हसन (17), मुश्फिकुर रहीम (21), मोहम्म्द मिथुन (9) और मोसादेक हुसैन (12) को अपना शिकार बनाया।
इस मुकाबले में बाएं हाथ के अनुभवी स्पिन गेंदबाज जडेजा को मैन ऑफ द मैच से नवाजा गया। जीत के बाद जडेजा ने कहा कि, वो क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में खुद को साबित करना चाहते हैं।
जडेजा ने आगे कहा, 'मुझे 15 महीने बाद आखिरकार वन-डे में खेलने का मौका मिल ही गया। मैं हमेशा से मौका मिलने का इंतजार कर रहा था। आज मुझे मौका मिला। मैं बहुत खुश हूं। कुलदीप और चहल ने एक तरफ से दबाव बनाया और दूसरी तरफ से मैं विकेट लेने में सफल रहा। मैं सभी फॉर्मेट में खुद को साबित करने की कोशिश कर रहा हूं। यदि मुझे पाकिस्तान के खिलाफ मौका मिलता है तो मैं अपनी भूमिका बैटिंग के साथ भी निभाने की कोशिश करूंगा।'