दक्षिण अफ्रीका के स्टार बल्लेबाज एबी डीविलियर्स ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टेस्ट की पहली पारी में नाबाद 71 रन बनाए। हालांकि, दूसरी पारी में वह पहली ही गेंद पर रनआउट होकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद एबी डीविलियर्स ने दूसरे टेस्ट में 126* रन की मैच विजयी पारी खेली।
ऑस्ट्रेलिया ने तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने खुलासा किया कि दूसरे टेस्ट में कप्तान स्टीव स्मिथ ने उन्हें डीविलियर्स को निगेटिव लाइन की गेंदबाजी करने को कहा था। स्टार्क ने बताया कि स्मिथ ने डीविलियर्स को लेग साइड में गेंदबाजी करने के लिए इसलिए कहा था ताकि वह उन्हें स्ट्राइक से दूर रख सके।
मजेदार बात यह है कि स्टार्क ने एक और खुलासा करते हुए बताया कि उन्होंने अपने कप्तान की बात नहीं मानी। 28 वर्षीय तेज गेंदबाज ने कहा, 'एबी डीविलियर्स एक लेंथ के गेंद पर कई प्रकार के शॉट्स खेल सकते हैं। इसलिए उन्हें निगेटिव लाइन डालने का कोई असर नहीं होता।'
स्टार्क ने उम्मीद जताई कि वह अगले मैच में एबी डीविलियर्स का विकेट जरूर निकालेंगे। उन्होंने ध्यान दिलाया कि डीविलियर्स भी इंसान हैं और वह गलती कर सकते हैं। तेज गेंदबाज ने कहा, 'डीविलियर्स इंसान हैं, वह गलती जरूर करेंगे और आप ऐसे में उनका विकेट निकाल सकते हैं। मुझे उम्मीद है कि डीविलियर्स का शिकार जरूर करूंगा।'
स्टार्क ने बताया कि उन्होंने एबी डीविलियर्स को अच्छी गेंदबाजी नहीं की और यही कारण रहा कि कोई उन्हें आउट नहीं कर सका। कंगारू गेंदबाज का मानना है कि अगर वह डीविलियर्स को निरंतर अच्छी गेंदें डालते तो आउट जरूर कर लेते।