कर्नाटक के ओपनर मयंक अगरवाल ने मंगलवार को विजय हजारे ट्रॉफी के फाइनल में सौराष्ट्र के खिलाफ बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर लिया है। अगरवाल हालांकि, शतक बनाने से चूक गए। उन्होंने 79 गेंदों में 11 चौको व तीन छक्को की मदद से 90 रन की आक्रामक पारी खेली।
टीम इंडिया में नहीं हुआ सिलेक्ट, मयंक ने सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ दिया जवाब
बता दें कि मयंक अगरवाल ने पूरे सीजन में शानदार प्रदर्शन किया और श्रीलंका में होने वाली निदाहास ट्रॉफी में उनके सिलेक्शन की दावेदारी मजबूत थी। हालांकि, मयंक के हाथ निराशा लगी और उनका चयन नहीं हुआ। बहरहाल, इस निराशा में खुद को नहीं डुबोते हुए मयंक ने जानदार पारी खेली और रिकॉर्ड दर्ज किया।
मयंक ने विजय हजारे ट्रॉफी में कुल 723 रन बना डाले, जो लिस्ट-ए क्रिकेट (घरेलू वन-डे के अलावा इसमें वन-डे इंटरनेशनल भी शामिल होता है) सीरीज या टूर्नामेंट में किसी भारतीय बल्लेबाज का रिकॉर्ड है। इससे पहले लिस्ट-ए क्रिकेट की सीरीज या टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम था, जिन्होंने 2003 वर्ल्ड कप में 673 रन बनाए थे।
बता दें कि मयंक की लाजवाब पारी के बावजूद कर्नाटक की टीम 45.5 ओवर में 253 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। स्टार बल्लेबाज करुण नायर और केएल राहुल खाता भी नहीं खोल सके।
2017-18 में ऐसा रहा मयंक का प्रदर्शन
रणजी ट्रॉफी: 13 पारियों में 1160 रन, 5 शतक, दो फिफ्टी, बेस्ट स्कोर 304*
सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी: 9 पारियों में 258 रन, तीन फिफ्टी, बेस्ट स्कोर 86 रन
विजय हजारे ट्रॉफी: 8 पारियों में 723 रन, तीन शतक, 4 फिफ्टी, बेस्ट स्कोर 140 रन