आईपीएल में मुंबई इंडियंस के खिलाफ राजस्थान रॉयल्स के लिए जीत का किला फतह करने वाले कृष्णप्पा गौतम रातों रात स्टार बन गए हैं। गौतम ने सीजन-11 के 21वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 11 गेंदों पर चार चौकों और दो छक्कों की मदद से 33 रन की तूफानी पारी खेली और अपनी टीम को जीत दिलाई।
बता दें कि के गौतम वही खिलाड़ी हैं, जिसे आज से तीन साल पहले बीसीसीआई ने कड़ी सजा देते हुए 'इंडिया ए' से बाहर कर दिया था। बीसीसीआई के प्रवक्ता राहुल जोहरी ने गौतम के खिलाफ मैदान पर अनुशासनात्मक कार्रवाई और खराब फिटनेस का हवाला दिया था।
हालांकि स्पोक्सपर्सन के इस बयान के बाद बड़ा बवाल हुआ था। दरअसल गौतम को बाहर करने का जो कारण राहुल जोहरी ने बताया था, उस पर विश्वास करना किसी के लिए भी आसान नहीं था। इंडिया ए से बाहर किए जाने के तीन महीने बाद ही गौतम ने केपीएल (कर्नाटका प्रीमियर लीग) में बेलागावी पैंथर्स के साथ जोरदार वापसी की।
इतना ही नहीं, शॉर्ट क्रिकेट में भी इस खिलाड़ी ने अपने जानदार प्रदर्शन की बदौलत खास पहचान बनाई। गौतम की बेहतरीन स्पिन गेंदबाजी और ताबड़तोड़ बल्लेबाजी पर राजस्थान रॉयल्स की फ्रैंचाइजी का ध्यान गया और उसने इस खिलाड़ी को अपने खेमे में शामिल करने में जरा भी देर नहीं की।
आईपीएल सीजन-11 की नीलामी में इस होनहार खिलाड़ी को खरीदने के लिए राजस्थान रॉयल्स ने सबसे बड़ी बोली लगाई। राजस्थान रॉयल्स ने 6.2 करोड़ रुपये में गौतम को खरीदा और अपने गुट में शामिल किया। मुंबई इंडियंस के खिलाफ गौतम की पारी देखने के बाद राजस्थान रॉयल्स की फ्रैंचाइजी का यह फैसला बिलकुल सही नजर आता है।