आईपीएल 2021 में सभी टीमों ने जीत का स्वाद चख लिया है लेकिन सनराइजर्स हैदराबाद अभी भी पहली जीत की तलाश में है। आज डेविड वार्नर की अगुवाई वाली सनराइजर्स की टीम इस सूखे को खत्म करते हुए लगातार तीसरी हार से बचना चाहेगी। हालांकि उसके लिए यह इतना आसान भी नहीं होगा क्योंकि उसके सामने होगी मुंबई इंडियंस की कड़ी चुनौती। चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में दोनों ही टीमें अपनी पुरानी गलतियों को सुधारना चाहेंगी और जीत के लिए जोर लगाना चाहेंगी। ऐसे में आइए जानते हैं कि इस मुकाबले में क्या हो सकती है दोनों टीमों की प्लेइंग XI...
MI vs SRH Playing XI: सनराइजर्स में हो सकते हैं बड़े बदलाव, क्या मुंबई देगी इस तेज गेंदबाज को मौका
सनराइजर्स हैदराबाद:
डेविड वार्नर की अगुवाई वाली सनराइजर्स के लिए इस सीजन की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसे दो करीबी मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा है। उसके गेंदबाजों ने हालांकि बढ़िया प्रदर्शन किया है लेकिन बल्लेबाजों ने अभी तक निराश ही किया है। उधर टीम के स्टार बल्लेबाज केन विलियमसन अभी भी पूरी तरह से फिट नहीं हुए हैं और उन्हें अपनी चोट से उबरने में एक हफ्ते का समय लग सकता है। बावजूद इसके इस मैच के लिए टीम की बल्लेबाजी में कुछ बदलाव देखने को मिल सकते हैं। मैच में मनीष पांडे और रिद्धिमान साहा दोनों का पत्ता कट सकता है।
संभावित एकादश:
डेविड वार्नर (कप्तान), जॉनी बेयरस्टो, प्रियम गर्ग, केदार जाधव, अभिषेक शर्मा, अब्दुल समद, जेसन होल्डर, भुवनेश्वर कुमार, राशिद खान, टी नटराजन, शाहबाज नदीम
मुंबई इंडियंस
मुंबई की टीम ने पहला मैच गंवाने के बाद दूसरे मैच में रोमांचक जीत दर्ज की। हालांकि वह इस मुकाबले में भी अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर सकी। इन सबके बावजूद टीम में किसी बड़े बदलाव की संभावना कम ही है। कुछ बदलाव अगर हुआ तो मार्को जेनसन की जगह पर नाथन कूल्टर नाइल को मौका दिया जा सकता है।
संभावित एकादश:
रोहित शर्मा (कप्तान), क्विंटन डिकॉक, सूर्यकुमार यादव, ईशान किशन, हार्दिक पंड्या, कीरोन पोलार्ड, क्रुणाल पंड्या, जसप्रीत बुमराह, राहुल चाहर, ट्रेंट बोल्ट, नाथन कूल्टर नाइल/मार्को जेनसन