रफ्तार के सौदागर न्यूजीलैंड के ट्रेंट बोल्ट का कहना है कि ऑलराउंडर क्रिस मॉरिस के दिल्ली कैपिटल्स से जुडने से उनकी टीम आईपीएल 2019 क्रिकेट में शनिवार को फिरोजशाह कोटला मैदान पर कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ मैच में बुलंद इरादे से उतरेगी।
'रफ्तार के सौदागर' का बड़ा बयान, बोले- ये दो टीम जीत सकती है विश्व कप 2019
बोल्ट ने कहा, 'फिलहाल मेरा पूरा फोकस आईपीएल 2019 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने पर है। मैं बतौर गेंदबाज बोझ की बाबत बहुत ज्यादा कतई नहीं सोच रहा हूं। अपने घर में चेन्नै सुपर किंग्स के खिलाफ यहां मंगलवार को खेले मैच में हमारी दिल्ली टीम को हार झेलनी पड़ी थी। अब हमारा पूरा फोकस शनिवार को केकेआर के खिलाफ मैच पर है। केकेआर के खिलाफ हमारी टीम का प्रदर्शन बढिया रहेगा।'
उन्होंने आगे कहा, 'हमारे लिए अच्छी खबर यह है कि दक्षिण अफ्रीकी ऑलराउंडर क्रिस मॉरिस बुधवार को टीम से जुड़ गए हैं । मॉरिस के जुडने से हमारी दिल्ली कैपिटल्स की टीम और मजबूत हो गई है क्योंकि उसे जरूरी संतुलन मिल गया है। पिछले आईपीएल सीजन में मॉरिस ने दिल्ली (तब दिल्ली डेयरडेविल्स) के लिए गेंद और बल्ले से बेहतरीन प्रदर्शन कर अलग छाप छोड़ी थी। जहां तक किंग्स इलेवन, पंजाब के कप्तान रविचंद्रन अश्विन के राजस्थान रॉयल्स के जोस बटलर को 'मांकडिंग' कर आउट करने पर आलोचना करने का सवाल है तो जब यह क्रिकेट नियमों के मुताबिक है तो फिर इस पर हायतौबा क्यों?'
प्रायोजक जेबीएल के साथ एक नुमाइशी क्रिकेट मैच के मौके पर दिल्ली कैपिटल्स के तूफानी गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट ने कहा, 'मई में इंग्लैंड में होने वाले विश्व कप में मेजबान इंग्लैंड और भारत खिताब के प्रबल दावेदार के रूप में उतरेंगे। टीम इंडिया को मैं विश्व कप में खिताब की मजबूत दावेदार इसलिए कहा रहा हूं क्योंकि क्रिकेट के तीनों फॉर्मेंट -टी-20, वन डे और टेस्ट -वह बेहद संतुलित टीम है।'
उन्होंने कहा, 'विश्व कप में हमारी न्यूजीलैंड टीम और दक्षिण अफ्रीका को सेमीफाइनल में पहुंचना चाहिए। फिलहाल विश्व कप की बजाय मेरा फोकस दिल्ली कैपिटल्स के लिए बेहतरीन प्रदर्शन पर है। 15 मार्च को न्यूजीलैंड और बांग्लादेश के बीच क्राइस्टचर्च टेस्ट मैच से पहले मस्जिद पर आतंकी हमले के सदमे से न्यूजीलैंड के लोगों को उबरने में अभी भी वक्त लग रहा है। इस हमले के अगले ही दिन बांग्लादेश की टीम अपने वतन वापस लौट गई थी। मुझे इस बात का इत्मिनान है कि बांग्लादेश की क्रिकेट टीम महफूज रहे।'