ओपनर बल्लेबाज क्रिस लिन (45) और कप्तान दिनेश कार्तिक (31) की नाबाद पारी की बदौलत आईपीएल सीजन-11 के 49वें मुकाबले में मंगलवार को कोलकाता नाइट राइडर्स ने राजस्थान रॉयल्स को छह विकेट से हराया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 10 विकेट गंवाने के बाद 143 रन की चुनौती केकेआर के सामने रखी थी, जिसके जवाब में केकेआर ने दो ओवर शेष रहते ही यह मुकाबला अपने नाम कर लिया।
यह मैच जीतने के बाद दिनेश कार्तिक के नेतृत्व वाली कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए प्लेऑफ की राह आसान हो गई है। 13 में से 7 मैच जीतकर तीसरे स्थान पर बरकरार केकेआर लीग में अपना अगला और आखिरी मुकाबला जीतकर प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर सकती है। आइए जानते हैं राजस्थान के खिलाफ इस जीत में अहम भूमिका निभाने वाले केकेआर के 5 हीरोज के बारे में...
कुलदीप यादव
कोलकाता की इस जीत के सबसे बड़े नायक रहे कुलदीप यादव ने राजस्थान रॉयल्स को वापसी करने का कोई मौका नहीं दिया। कुलदीप ने चार ओवर में 20 रन देकर राजस्थान के चार अहम खिलाड़ियों को अपना शिकार बनाया। कुलदीप के शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच भी चुना गया।
क्रिस लिन
ओपनर बल्लेबाज क्रिस लिन ने केकेआर को सधी हुई शुरुआत दिलाते हुए 42 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 45 रन की मददगार पारी खेली। क्रिस की इस कीमती पारी ने केकेआर को जीत के दरवाजे तक पहुंचाने का काम किया।
आंद्रे रसेल
कोलकाता नाइट राइडर्स के तूफानी ऑलराउंडर आंद्रे रसेल ने एक बार फिर साबित कर दिया कि उन्हें दुनिया का बेहतरीन ऑलराउंडर ऐसे ही नहीं कहा जाता। इस मैच में क्रिस लिन ने न सिर्फ तीन विकेट चटकाए, बल्कि पांच गेंदों में नाबाद 11 रन बनाकर टीम को जीत भी दिलाई।
दिनेश कार्तिक
कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान दिनेश कार्तिक ने क्रीज पर अंत तक मोर्चा संभाले रखा और अपनी टीम को जीत दिलाने के बाद ही नाबाद लौटे। कार्तिक ने 31 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 41 रन बनाए। इसके अलावा उन्होंने विकेट के पीछे से कमाल दिखाते हुए चार खिलाड़ियों को भी अपना शिकार बनाया।