न्यूजीलैंड-भारत के बीच दो मैच की टेस्ट सीरीज का आगाज 21 फरवरी से होने जा रहा है। पहला मुकाबला वेलिंगटन में खेला जाएगा। भारतीय टीम ने कीवियों को टी-20 सीरीज में हराया था, तो न्यूजीलैंड की टीम ने विराट सेना को वन-डे सीरीज में मात दी थी। अब खिलाड़ियों के असली टेस्ट का समय आ गया है। रंगीन कपड़ों में जलवा बिखरने के बाद अब खिलाड़ियों के पास लाल गेंद से कमाल दिखाने का मौका होगा। न्यूजीलैंड में टेस्ट क्रिकेट के लिहाज से परिस्थितियां बेहतरीन होती हैं। टेस्ट सीरीज के शुरू होने से पहले आइए एक बार नजर डाल लेते हैं दोनों देशों के बीच अब तक खेल गए टेस्ट के रिकॉर्ड पर।
आंकड़ों की पिच पर भारत-न्यूजीलैंड, टेस्ट सीरीज से पहले जानिए कौन किस पर भारी
भारत और न्यूजीलैंड के बीच टेस्ट क्रिकेट का इतिहास बेहद ही पुराना है। दोनों देश 1955 से ही एक दूसरे के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट खेल रहे हैं। अभी तक भारत और न्यूजीलैंड के बीच कुल 57 टेस्ट मुकाबले खेले गए हैं। जिसमें भारतीय टीम का पलड़ा भारी है। 57 टेस्ट मैच में से भारत ने 21 जीते हैं और कीवी टीम को 10 टेस्ट मुकाबलों में जीत मिली है। दोनों देश के बीच कुल 26 टेस्ट मैच बराबरी पर समाप्त हुए हैं।
कुल टेस्ट मैच
57
भारत जीता
21
न्यूजीलैंड जीता
10
कुल टेस्ट मैच ड्रॉ
26
भारत-न्यूजीलैंड के बीच अभी तक कुल 20 टेस्ट सीरीज खेली गई हैं। इनमें से भारतीय टीम ने 11 सीरीज अपने नाम किए हैं। वहीं, कीवी टीम ने पांच सीरीज में टीम इंडिया को हराया है। जबकि चार सीरीज ड्रॉ पर खत्म हुई हैं। 2003-04 से भारत और न्यूजीलैंड के बीच हुए पिछले 15 टेस्ट मैचों में से टीम इंडिया ने सात जीते हैं और सात ड्रॉ रहे हैं। इस दौरान भारत ने सिर्फ एक मैच गंवाया है।
दोनों देश के बीच खेली गईं टेस्ट सीरीज में अभी तक सबसे अधिक रन बनाने का रिकॉर्ड भारतीय बल्लेबाज राहुल द्रविड़ के नाम है। द्रविड़ ने 15 मैच की 28 पारियों में 1659 रन बनाए हैं। इसमें छह शतक और छह अर्धशतक शामिल हैं। वहीं न्यूजीलैंड की ओर से ब्रैंडन मैकुलम ने सर्वाधिक 1224 रन बनाए हैं।
दोनों देश के बीच विकेट लेने के मामले में रिचर्ड हेडली टॉप पर हैं। उन्होंनें 65 विकेट चटकाए हैं। जबकि भारत की ओर से बिशन सिंह बेदी ने सबसे अधिक विकेट लिए हैं। उन्होंने 57 विकेट लिए हैं। मौजूदा गेंदबाज की बात करें तो आर अश्विन ने सबसे अधिक 45 विकेट लिए हैं। कीवी टीम की ओर से ट्रेंट बोल्ट ने 25 विकेट चटकाए हैं।