भारत का साल का पहला विदेशी दौरा बुरी यादों और कमजोर प्रदर्शन के साथ समाप्त हुआ। विराट की अगुवाई में न्यूजीलैंड दौरे पर गई टीम इंडिया का वनडे के बाद टेस्ट सीरीज में भी सूपड़ा साफ हो गया। वनडे में जहां टीम के गेंदबाज कमजोर नजर आए वहीं टेस्ट सीरीज में बल्लेबाजों ने निराश किया। यही कारण रहा कि दुनिया की नंबर एक टेस्ट टीम भारत ने एकतरफा हार के साथ कई शर्मनाक रिकॉर्ड भी बनाए। ऐसे में आईए एक नजर डालते हैं टीम इंडिया के उन रिकार्ड्स पर।
शर्मनाक आंकड़ों के साथ भारत का न्यूजीलैंड दौरा खत्म, टेस्ट में विराट ने शमी से भी कम रन बनाए
शीर्ष क्रम की विफलता
भारत के शीर्ष बल्लेबाजों का प्रदर्शन पूरी सीरीज में निराशाजनक रहा, शीर्ष पांच बल्लेबाजों ने पूरी सीरीज में 429 रन ही बनाए जोकि तीसरा सबसे खराब प्रदर्शन है।
टॉस बन गया बॉस
दोनों ही मैचों में पिच तेज गेंदबाजी की अनुकूल थी और दोनों पारियों में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी और भारतीय बल्लेबाजी की विफलता ने मेजबानों का पलड़ा ऊपर रखा।
न्यूजीलैंड का निचला क्रम कामयाब
मेजबान टीम के निचले क्रम के बल्लेबाजों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। खासतौर पर काइल जैमिसन जिन्होंने पहले टेस्ट की पारी में 44 रन बनाकर 183 रन की बढ़त दिलाने में भूमिका अदा की और दूसरे टेस्ट में 49 रन की पारी खेलकर भारत को मजबूत बढ़त हासिल नहीं करने दी। पहले टेस्ट में बोल्ट ने 38 और दूसरे टेस्ट में नील वैगनर ने 21 रन की पारी खेली।
न्यूजीलैंड के पेसर कामयाब
मेजबान टीम के तेज गेंदबाजों ने हालात का फायदा उठाकर बेहतरीन प्रदर्शन किया। दोनों टेस्ट में 19-19 विकेट तेज गेंदबाजों के नाम रहे। पहले टेस्ट में साउदी, जैमिसन, बोल्ट की तिकड़ी ने 18 विकेट निकाले तो दूसरे टेस्ट में ऑल पेस अटैक था। दोनों ही मैचों में गेंदबाज मैन ऑफ द मैच रहे।