भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। कप्तान रोहित शर्मा की अगुआई में भारतीय टीम ने इस टूर्नामेंट में अब तक शानदार प्रदर्शन किया है। टीम अब तक अपने फाइनल तक के सफर में न्यूजीलैंड, पाकिस्तान, बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया को हरा चुकी है। हालांकि, पिछले कुछ समय से रोहित की कप्तानी की जगह उनकी बल्लेबाजी सुर्खियों में है। कुछ समय पहले तो उनके संन्यास तक के कयास लगाए जा रहे थे। हालांकि, रोहित ने इसका खंडन किया था और कहा था कि वह खेलना जारी रखेंगे। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जीत के बाद जब कोच गौतम गंभीर प्रेस कॉन्फ्रेंस के लिए पहुंचे तो उनसे भी रोहित को लेकर सवाल पूछे गए। इस पर कोच ने करारा जवाब दिया।
2 of 5
गंभीर और रोहित
- फोटो : ANI
गंभीर से मैच के बाद संवाददाता सम्मेलन में पूछा गया कि रोहित कितने और समय तक राष्ट्रीय टीम के लिए खेल सकते हैं? उनकी राय क्या है? गंभीर ने इसका जवाब देते हुए भारतीय कप्तान की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि वह हिटमैन के मैच पर प्रभाव से उनके फॉर्म का अंदाजा लगाते हैं, न कि उनके आंकड़े देखकर। कप्तान रोहित की अगुआई में टीम इंडिया लगातार चौथे आईसीसी टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची है। इनमें तीन सीमित ओवर के टूर्नामेंट हैं। भारत ने इससे पहले 2023 विश्व टेस्ट चैंपियनशिप, 2023 वनडे विश्व कप और 2024 टी20 विश्व कप का फाइनल भी रोहित की कप्तानी में खेला था। आइए जानते हैं गंभीर ने क्या कहा...
रिपोर्टर ने पूछा, 'रोहित किस तरह की फॉर्म में हैं? आपको क्या लगता है कि वह अभी कितना और क्रिकेट खेलेंगे?' इस पर गंभीर ने कहा, 'अब चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल आ रहा है। उससे पहले मैं क्या कह सकता हूं? अगर आपका कप्तान इस तरह की गति से बल्लेबाजी करता है तो इससे ड्रेसिंग रूम को बहुत अच्छा संकेत मिलता है कि हम पूरी तरह से निडर और साहसी बनना चाहते हैं। आप बल्लेबाज को रनों से जज करते हैं, हम उसके प्रभाव से मूल्यांकन करते हैं। यही अंतर है। आप आंकड़ों से जज करते हैं, हम उसके प्रभाव से मूल्यांकन करते हैं। पत्रकार या विशेषज्ञ के रूप में आप केवल संख्या या औसत को देखते हैं। लेकिन एक कोच और एक टीम के रूप में हम संख्या या औसत को नहीं देखते। अगर कप्तान फ्रंट से लीड करता है, तो ड्रेसिंग रूम के लिए इससे बेहतर कुछ नहीं है।'
टूर्नामेंट में अब तक के चार मैचों रोहित ने भले ही रन न बनाए हों, लेकिन उन्होंने तेज शुरुआत दिलाई है। कुछ अच्छे शॉट्स लगाने के बाद वह रन रेट बढ़ने के चक्कर में विकेट गंवा बैठे हैं। चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में अब तक चार मैचों में उन्होंने 26.00 की औसत और 107.21 के स्ट्राइक रेट से 104 रन बनाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 41 है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उन्होंने 29 गेंदों में तीन चौके और एक छक्के की मदद से 28 रन बनाए। रोहित के नाम भी खास उपलब्धि दर्ज हो गई है। उनके नेतृत्व में भारत पुरुषों के चार आईसीसी टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचने में कामयाब रहा है। इनमें विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2023, वनडे विश्व कप 2023, टी20 विश्व कप 2024 और अब चैंपियंस ट्रॉफी 2025 शामिल है। रोहित यह खास रिकॉर्ड बनाने वाले दुनिया के पहले कप्तान बन गए हैं।
2011 वनडे विश्व कप जीतने के बाद से भारतीय टीम पिछले 14 वर्षों से आईसीसी के वनडे टूर्नामेंट्स में एक मजबूत टीम रही है। हालांकि, कुछ मौकों पर टीम कामयाब नहीं हो पाई। टीम 2011 के बाद 2013 चैंपियंस ट्रॉफी जीतने में कामयाब रही थी। फिर भारतीय टीम 2015 वनडे विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंची, 2017 चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में पहुंची और 2019 वनडे विश्व कप के सेमीफाइनल में भी जगह बनाने में कामयाब रही थी। 2023 वनडे विश्व कप के फाइनल में भारत को हार का सामना करना पड़ा था। क्या रोहित एंड कंपनी पिछले साल टी20 विश्व कप जीतने के बाद एक और आईसीसी ट्रॉफी उठा पाएगी? यह तो नौ मार्च को पता चलेगा।