भारतीय कप्तान रोहित शर्मा की पत्नी ने बेटे को जन्म दिया है जिससे इस सलामी बल्लेबाज की ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 22 नवंबर से पर्थ में शुरू होने वाले पहले टेस्ट मैच में खेलने की संभावना बढ़ गई है। रोहित की पत्नी रितिका सजदेह ने शुक्रवार रात एक स्थानीय अस्पताल में बेटे को जन्म दिया। रोहित बेटे के जन्म के कारण भारतीय टीम के साथ ऑस्ट्रेलिया नहीं गए थे। इस दंपति की एक बेटी समायरा है, जिसका जन्म 2018 में हुआ था। पहला टेस्ट शुरू होने में अब एक सप्ताह से भी कम समय बचा है और यह स्पष्ट नहीं है कि जल्द से जल्द ऑस्ट्रेलिया पहुंचने पर भी रोहित कुछ अभ्यास सत्र के बाद ही मैच में खेलेंगे या नहीं। अभी किसी भी तरह की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
2 of 4
रितिका, रोहित और समायरा
- फोटो : instagram
रोहित का पहले टेस्ट मैच में खेलना संदिग्ध था, भले ही मुख्य कोच गौतम गंभीर ने उम्मीद जताई थी कि भारतीय कप्तान मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे। रोहित भले ही इस समय अपनी सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में नहीं हैं, लेकिन भारतीय शीर्ष क्रम अभी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पा रहा है और ऐसे में टीम को कप्तान और सलामी बल्लेबाज के रूप में उनकी सख्त जरूरत है। उनके विकल्प के रूप में अभिमन्यु ईश्वरन और केएल राहुल टीम में शामिल हैं लेकिन यह दोनों भी रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। राहुल की कोहनी में भी चोट लगी है, हालांकि माना जा रहा है कि यह गंभीर नहीं है। इन दोनों खिलाड़ियों ने यशस्वी जायसवाल के साथ पारी की शुरुआत करने के लिए मजबूत दावा पेश नहीं किया है।
3 of 4
विराट कोहली और रोहित शर्मा
- फोटो : PTI
मुंबई में अभ्यास करते दिखे थे रोहित
रोहित भले ही ऑस्ट्रेलिया नहीं गए हैं, लेकिन टीम से दूर रहने के बावजूद वह खुद को इस सीरीज के लिए तैयार कर रहे हैं। रोहित का एक वीडियो सोशल मीडिया पर कुछ दिनों पहले काफी वायरल हुआ था जिसमें वह मुंबई में नेट्स पर समय बिताते दिखे थे।
4 of 4
रोहित शर्मा
- फोटो : BCCI
कुछ समय से खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं रोहित
रोहित का बल्ला पिछले कुछ समय से खामोश है और वह रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ हाल ही में हुई तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में रोहित का प्रदर्शन काफी खराब रहा था। मौजूदा वर्ष में रोहित ने 11 टेस्ट मैचों में 29.40 के औसत से 588 रन बनाए हैं जिसमें दो शतक और इतने ही अर्धशतक शामिल हैं। रोहित का घरेलू सीजन में प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था और उन्होंने पांच मैचों में 13.30 के औसत से 133 रन बनाए जिसमें एक अर्धशतक शामिल हैं।