घरेलू हिंसा के एक मामले में कोलकाता पुलिस ने बुधवार को क्रिकेटर मोहम्मद शमी से पूछताछ की थी। यह पूछताछ पुलिस मुख्यालय लाल बाजार में हुई। अब पहली बार मोहम्मद शमी से पुलिस के तीखे सवाल और शमी की ओर से दिए गए जवाबों से पर्दा उठा है। हम आपको बताने जा रहे हैं कि मोहम्मद शमी से किस तरह की पूछताछ की गई और अपने बचाव में इस क्रिकेटर ने कैसे-कैसे तर्क दिए।
सामने आ रही खबरों के मुताबिक समन के बाद पुलिस स्टेशन पहुंचे मोहम्मद शमी और उनके भाई से पहले अगल-अलग पूछताछ की गई। बंद कमरे में हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने कई तीखे सवाल दागे। बाद में दोनों को एक साथ पुलिसिया पूछताछ का सामना करना पड़ा। नीलू चक्रवर्ती डिप्टी पुलिस कमिश्नर, डिटेक्टिव डिपार्टमेंट और जॉइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (क्राइम) प्रवीण त्रिपाठी ने बताया कि शमी और उनके भाई के बयानों को रिकॉर्ड कर लिया गया है।
इस दौरान शमी ने पुलिस से अपनी पत्नी हसीन जहां के बारे में कई खुलासे किए। शमी ने खुद पर लगे आरोपों को बेबुनियाद और स्वार्थ से प्रेरित बताया। बकौल शमी, हसीन जहां उनपर झूठे आरोप लगा रही हैं। दुबई से केस की अहम कड़ी जुड़ी है। पूरे मामले में पाकिस्तानी लड़की अलिश्बा का भी नाम सामने आया था। हालांकि उससे पूछताछ करने का फैसला पुलिस अबतक नहीं ले पाई है। जरूरत पड़ने पर उससे भी पूछताछ की जा सकती है।
शमी से पूछताछ के बाद कोलकाता पुलिस के अधिकारियों ने कहा कि अब उनके परिवार के दूसरे सदस्यों से पूछताछ की जाएगी, इसमें अगला नंबर उनकी माता और भाभी का होगा। पुलिस की एक टीम शमी के पैतृक गांव अमरोहा भी जाएगी, क्योंकि उनका नाम भी FIR में दर्ज है। ध्यान रहे कि शमी की पत्नी हसीन जहां ने शमी व उनके चार रिश्तेदारों के खिलाफ घरेलू हिंसा और शमी के भाई पर बलात्कार का आरोप लगाया है।