टीम इंडिया और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे पहल टेस्ट के पहले दिन चेतेश्वर पुजारा ने 123 रन की शतकीय पारी के साथ टीम इंडिया को एक सम्मानजनक स्कोर की ओर पहुंचाया। पहले दिन के मुकाबले में पुजारा इकलौते ऐसे बल्लेबाज थे, जिन्होंने कंगारुओं का डट कर सामना किया। उनकी इस शतकीय पारी की बलौलत भारत ने दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने 9 विकेट के नुकसान पर 250 रन बना लिए हैं। आइए जानते हैं शतकीय पारी खेलने वाले पुजारा ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में क्या कहाः
टीम इंडिया की तरफ से 246 गेंदों में 7 चौके और 2 छक्कों की मदद से 123 रन की उम्दा पारी खेलने वाले चेतेश्वर पुजारा ने अपनी इस पारी को अपने करियर की टॉप पांच सर्वश्रेष्ठ पारियों में से एक कहा है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा, 'टेस्ट क्रिकेट में ये मेरी सर्वश्रेष्ठ पारियों में से एक थी, मैं कह सकता हूं कि टॉप पांच में से एक। मैं ये नहीं कह सकता कि ये सबसे बेहतरीन थी लेकिन जिन साथी खिलाड़ियों ने मेरी प्रशंसा की उन्होंने ही इसे सर्वश्रेष्ठ पारी बताया।'
अपना 65वां टेस्ट खेल रहे पुजारा ने कहा, 'ये शतक मेरे लिए बहुत मायने रखता है, लेकिन मैं ये भी कहना चाहूंगा कि लोग ऐसा कहते हैं कि मैं केवल भारत में ज्यादा रन बनाता हूं। आप ये भी तो देखें कि हम भारत में मैच कितने ज्यादा खेलते हैं, इसलिए जाहिर है कि मैं यहां ज्यादा रन बनाऊंगा। विदेशी दौरों पर कई बार मैं खराब फॉर्म से गुजर रहा था लेकिन फिर भी मैं अलग स्थितियों में आत्मविश्वास महसूस करता हूं।'
टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पहले बललेबाजी करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत निराशाजनक रही। 86 रन के स्कोर पर ही टीम इंडिया की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी। इसके बाद चेतेश्वर पुजारा ने आर अश्विन के साथ मिलकर स्कोर को आगे पहुंचाया, लेकिन 74वें ओवर की आखिरी गेंद पर पैट कमिंस ने उन्हें कैच आउट कराकर पवेलियन भेज दिया। दोनों के बीच सबसे अधिक 62 रनों की साझेदारी हुई। इसके बाद चेतेश्वर पुजारा भी 88वें ओवर की पांचवीं गेंद पर कमिंस के हाथों रन आउट हो गए।
राहुल द्रविड़ के 5,000 रन के रिकॉर्ड को बराबरी करने पुजारा ने रनआउट के सवाल पर कहा, 'ये थोड़ा निराशाजनक था लेकिन मुझे वो रन लेना ही था क्योंकि केवल दो और गेंदे बची थी और मैने सोचा कि मैं स्ट्राइक पर रहूं। इसलिए मैने जोखिम उठाया लेकिन कमिंस ने शानदार फील्डिंग की।'