क्रिकेट विश्व कप का 12वां संस्करण 30 मई से इंग्लैंड की मेजबानी में खेला जाएगा। अब तक ऑस्ट्रेलिया 5 बार, वेस्टइंडीज और भारत 2 बार, जबकि श्रीलंका और पाकिस्तान एक-एक बार विश्व कप का टाइटल अपने नाम कर चुके हैं। वैसे तो विश्व कप के फाइनल में हमेशा ही दिग्गज टीमों के बीच बड़ा घमासान देखने को मिला है, लेकिन इनमें से 5 फाइनल मुकाबले रोंगटे खड़े कर देने वाले थे।
साल 1996 में खेले गए क्रिकेट वर्ल्ड कप का टाइटल श्रीलंकाई टीम ने जीता था। इस मैच में श्रीलंका का सामना ऑस्ट्रेलिया से था। कंगारुओं ने लंकाई टीम को जीत के लिए 242 रन का लक्ष्य दिया। अंसाका गुरुसिन्हा (65), अरविंद डी सिल्वा (107 नाबाद) और अर्जुना राणातुंगा (47) की शानदार बल्लेबाजी के दम पर श्रीलंका ने 22 गेंदें और 7 विकेट शेष रहते यह मुकाबला अपने नाम कर लिया।
इससे पहले साल 1983 में भारत ने तत्कालीन डिफेंडिंग चैंपियन वेस्टइंडीज को हराकर पहली बार इस खिताब पर कब्जा जमाया था। इस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज के सामने 184 रन की चुनौती पेश की थी, बावजूद इसके मोहिंदर अमरनाथ और मदन लाल की धमाकेदार गेंदबाजी के दम भारत ने यह मुकाबला 43 रन से जीता।
साल 2011 में भारतीय क्रिकेट टीम की कमान कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के हाथों में थी। इस वर्ल्ड कप का फाइनल भारत और श्रीलंका के बीच खेला गया था। महेला जयवर्धने की शतकीय पारी की बदौलत श्रीलंका ने भारत के सामने 275 रन का लक्ष्य रखा था, लेकिन गौतम गंभीर (97) और एमएस धोनी (91) की धमाकेदार पारियों के दम पर भारत ने यह मैच 6 विकेट से अपने नाम किया।
साल 1992 में पाकिस्तान ने इंग्लैंड को हराकर पहली बार विश्व कप का खिताब अपने नाम किया था। फाइनल में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बोर्ड के ऊपर 249 रन लगाए थे, लेकिन वसीम अकरम और मुश्ताक अहमद (3-3 विकेट) की शानदार गेंदबाजी की बदौलत पाकिस्तान ने 22 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया।