पृथ्वी शॉ के चोटिल होने से टीम इंडिया के खेमे में खलबली मच गई। चर्चा होने लगी कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टेस्ट में अब भारतीय टीम का सलामी बल्लेबाज कौन होगा? मगर इस बीच एक सवाल और दिमाग में कौंधता कि क्या यह वाकई विदेशी दौरों पर जाने वाली पिछले 15 साल की सर्वश्रेष्ठ टीम है?
किसे आजमाएंगे कप्तान कोहली? वो चार खिलाड़ी जो ले सकते हैं चोटिल पृथ्वी शॉ की जगह
मुरली विजय
लगातार खराब फॉर्म में चल रहे मुरली विजय को वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज से बाहर कर दिया गया था। सवाल उठे कि क्या उनका टेस्ट करियर भी खत्म? मगर उनके अनुभव को तरजीह देते हुए ऑस्ट्रेलिया दौरे में जगह दी गई।
पृथ्वी शॉ की चोट मुरली विजय के लिए वरदान साबित हुई। प्रैक्टिस मैच की दूसरी पारी में मुरली विजय को आजमाया गया। इस सुनहरे मौके को दोनों हाथों से लपकते हुए मुरली विजय ने ड्रॉ मैच में शनिवार को शानदार शतक ठोक दिया।
132 गेंदों में 129 रन की इस पारी में उन्होंने 16 दर्शनीय चौके तो 5 छक्के भी जमाए। अब शॉ के पहले टेस्ट से बाहर होने के बाद मुरली विजय को मौका मिलना तय नजर आ रहा है।
केएल राहुल
पिछले कुछ अरसों से अगर किसी प्रतिभावान खिलाड़ी ने निराश किया है तो उसका नाम केएल राहुल ही है। क्रीज पर टिक कर खेलने और तेज गति से रन बनाने में माहिर राहुल अहम मौकों पर चूकते नजर आए। मगर विराट कोहली ने उनपर भरोसा बनाए रखा।
अब ऑस्ट्रेलिया इलेवन के खिलाफ अभ्यास मैच में उनपर खुद को साबित करने का मौका था। पहली पारी में जहां हर बल्लेबाज ने रन बनाया तो केएल राहुल महज 18 गेंदों में 3 रन बनाकर चलते बने। हालांकि शनिवार को दूसरे पारी में 98 में खेली गई 62 रन की पारी जरूर उनका आत्मविश्वास बढ़ाने का काम करेगी।
रोहित शर्मा:
लंबे समय बाद टेस्ट टीम में वापसी हुई। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बतौर ओपनर उतरना मुश्किल तो है लेकिन नामुमकिन नहीं। रोहित शर्मा वनडे और टी20 फॉर्मेट में ओपनिंग करते हैं और टेस्ट में भी वो ये कर सकते हैं। हालांकि टीम इंडिया मैनेजमेंट उन्हें नंबर 6 पर ही खिलाना पसंद करेगी।
रोहित के टेस्ट करियर की बात करें तो उन्होंने 25 टेस्ट में 40 की औसत से 1479 रन बनाए हैं। रोहित ने ऑस्ट्रेलिया में तीन टेस्ट खेले, जिसमें 28.83 की औसत से 173 रन बनाए हैं। पिछले साल रोहित ने सिर्फ दो टेस्ट खेले, जिसमें कुल 78 रन ही बनाए थे।
पार्थिव पटेल:
वैसे यह अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज भी बतौर ओपनर एडिलेड टेस्ट में अपनी जगह बना सकता है। पार्थिव पटेल ने 6 टेस्ट पारियों में पारी का आगाज किया है और उनका औसत 53.00 का है। पार्थिव इस पोजिशन पर 3 अर्धशतक भी ठोक चुके हैं।
फिलहाल इंडिया 'ए' की ओर से न्यूजीलैंड 'ए' के खिलाफ खेलते हुए इस खिलाड़ी ने जबरदस्त 94 रन भी जड़े।