सितंबर 2019 से ऑस्ट्रेलिया के जंगलों में लगी आग पर आईसीसी ने चिंता जताई है। अब तक एक करोड़ 79 लाख एकड़ जंगल आग में खाक हो चुके हैं। इसमें 25 लोगों के समेत करीब 48 करोड़ जानवरों की मौत हो चुकी है। आईसीसी ने क्रिकेट कम्युनिटी से आग पीड़ितों के लिए दान देने की अपील की है। ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज शेन वॉर्न भी आग में पीड़ित लोगों की मदद के लिए आगे आए हैं और उनके साथ ही दुनिया भर के कई खिलाड़ियों ने भी मदद के लिए हाथ बढ़ाए हैं।
ऑस्ट्रेलिया में आग से प्रभावित लोगों की मदद के लिए आगे आए दुनिया भर के खिलाड़ी
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व स्पिनर शेन वॉर्न अपने टेस्ट करियर के दौरान पहनी हरे रंग की बैगी कैप को नीलाम करने जा रहे हैं। नीलामी शुरू होने के कुछ ही घंटों में बोली तीन लाख ऑस्ट्रेलियाई डॉलर यानी करीब 1.5 करोड़ रुपये को पार कर गई थी। इसके लिए 12 जनवरी तक बोली लगाई जा सकती है। वहीं, ऑस्ट्रेलियाई स्टार खिलाड़ी ग्लेन मैक्सवेल, क्रिस लिन, मैथ्यू रेनशॉ और डीआर्सी शॉर्ट ने भी बिग बैश लीग में अपने हर छक्के पर 18 हजार रुपए पीड़ितों के लिए दान करेंगे।
आईसीसी ने कहा कि आग की वजह से लोगों का घरबार उजड़ गया है। करोड़ों जानवरों की मौत हो गई है। पीड़ितों और उनके परिवार के प्रति हमारी संवेदनाएं हैं। आईसीसी ने अपने चैरिटी पार्टनर यूनिसेफ द्वारा पीड़ितों को अधिक से अधिक दान देने की अपील की है। इस आग में अब तक 2000 से ज्यादा घर जल चुके हैं।
The ICC T20 World Cup is encouraging fans around the world to support recovery efforts through our partner @unicefaustralia's bushfire appeal.
Our thoughts are with all those affected by this crisis.
Donations: https://t.co/gFsCH1RZ6T
Statement: https://t.co/oQLSlMZMAk
टेनिस स्टार मारिया शारापोवा और नोवाक जोकोविच भी 18-18 लाख रुपए पीड़ितों की सहायता के लिए दान करेंगे। दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी एश्ले बार्टी ऑस्ट्रेलिया के जंगलों में लगी आग के शिकार हुए लोगों की मदद के लिए इस हफ्ते ब्रिस्बेन अंतरराष्ट्रीय टेनिस टूर्नामेंट से मिलने वाली राशि ‘रेड क्रास’ संस्था को दान केरेंगी।
ऑस्ट्रेलिया के महान तेज गेंदबाज जैफ थॉमसन ने देश के जंगलों में लगी आग के पीड़ितो की मदद के लिए धनराशि जुटाने के इरादे से अपनी ‘बैगी ग्रीन कैप’ और ‘क्रिकेट वेस्ट’ नीलाम करने का फैसला किया है। थॉमसन की इन दोनों चीजों को लॉयड ऑकशन्स की ‘बुशफायर रिलीफ ऑक्शन’ के तहत नीलाम किया जाएगा। थॉमसन उस युग में खेले जब ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट क्रिकेटरों को प्रत्येक श्रृंखला या दौरे की शुरुआत में कैप दी जाती थी। अब क्रिकेटरों को सिर्फ एक बैगी ग्रीन कैप मिलती है जो उन्हें आजीवन रखनी होती है।