कोलकाता का ऐतिहासिक ईडन एक बार फिर गुलाबी गेंद से गार्डन-गार्डन होने के लिए तैयार है। तीन साल पांच महीने बाद 67000 की दर्शक क्षमता वाले इस स्टेडियम में फिर से दूधिया रोशनी में दिन-रात्रि मुकाबला खेला जाएगा। फर्क सिर्फ इतना है कि इस बार यह घरेलू नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर का होगा।
विराट सेना के 15 में से दस खिलाड़ी खेल चुके हैं गुलाबी गेंद से, रोहित-मयंक ने दिखाया है दम
विराट सेना के 15 में से दस खिलाड़ी गुलाबी गेंद से कोई न कोई मुकाबला खेल चुके हैं। इनमें से कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव और युवा ओपनर मंयक अग्रवाल ने सर्वाधिक तीन-तीन, जबकि चेतेश्वर पुजारा ने दलीप ट्रॉफी 2016 के दो मैच खेले हैं। कप्तान कोहली सहित पांच खिलाड़ी ही ऐसे हैं जिन्होंने गुलाबी गेंद से कोई मुकाबला नहीं खेला है। इनमें उपकप्तान अजिंक्य रहाणे, आर अश्विन, उमेश यादव और शुभमन गिल भी हैं।
2016 में दलीप ट्रॉफी में खेले हैं ये खिलाड़ी
-
62 रन (30, 32) रोहित शर्मा ने बनाए थे फाइनल में इंडिया ब्लू की ओर से खेलते हुए इंडिया रेड के खिलाफ
-
420 रन मयंक अग्रवाल ने पांच पारियों (92,161,58,57,52) में इंडिया ब्लू की ओर से एक शतक की मदद से बनाए हैं
-
456 रन पुजारा ने 226.50 की औसत से बनाए थे। इसमें 256 रन की नाबाद पारी भी थी जो दिन-रात्रि प्रथम श्रेणी क्रिकेट में किसी भारतीय का सर्वोच्च स्कोर है। वह टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी थे।
2016 में दलीप ट्रॉफी में खेले हैं ये खिलाड़ी
- 10 विकेट रवींद्र जडेजा ने इंडिया ब्लू के लिए खेले एकमात्र मैच में 171 रन देकर दोनों पारियों में झटके थे। इसके अलावा 65 रन (48,17) भी बनाए थे जिससे टीम चैंपियन बनी थी।
- 17 विकेट कुलदीप यादव नेे 27.88 की औसत से इंडिया रेड के लिए तीन मैचों में झटके थे। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 6/88 था। वह सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज थे।
2017 में इन्होंने दिखाया दम
-
01 विकेट लेने के साथ ही इशांत शर्मा ने नौ रन भी बनाए हैं 2017 में दलीप ट्रॉफी के एकमात्र मैच में कानपुर में इंडिया ब्लू के लिए।
-
105 रन की पारी एकमात्र मैच में हनुमा विहारी ने इंडिया ब्लू की ओर से खेली थी।
-
72 रन ऋषभ पंत ने इंडिया रेड की ओर से खेलते हुए दो मैचों की तीन (11,15,46) पारियों में बनाए थे।