गजब का हौंसला रखने वाली छोटे से गांव की इस होनहार बेटी से मिलिए। एमटेक करते करते एयरफोर्स की राह चुनी और फ्लाइंग अफसर बन गई।
हरियाणा के बहादुरगढ़ जिले के शास्त्री नगर की भाविका वायुसेना में फ्लाइंग अफसर चुनी गई हैं। भाविका गांव खेड़का गुर्जर की रहने वाली है और एमटेक फाइनल की स्टूडेंट है। भाविका के पिता पुरूषोत्तम एसडीएम कार्यालय में कार्यरत हैं।
भाविका की इस उपलब्धि पर जहां पैतृक गांव खेड़का गुर्जर में खुशी का माहौल है। वहीं शहर में नजफगढ़ रोड स्थित शास्त्री नगर कॉलोनी वासी भी प्रफुल्लित हैं। एसडीएम बहादुरगढ़ जगनिवास ने भाविका को गौरवान्वित करने पर उसे शुभकामनाएं दी हैं।
भाविका के पिता पुरूषोत्तम ने बताया कि बचपन से ही कुशाग्र बुद्धि के साथ भाविका ने शिक्षण में गहन रुचि रखी। उसने फ्लाइंग ऑफिसर के पद पर चयनित हो पूरे परिवार का और प्रदेश का मान बढ़ाया है।
भाविका ने एसआर सेंचुरी स्कूल से दसवीं में 94 प्रतिशत व बारहवीं 90 प्रतिशत अंकों से उत्तीर्ण की थी। उसके बाद महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक से 81 प्रतिशत अंकों के साथ बीटेक किया। अब आईपी विश्वविद्यालय दिल्ली से एमटेक फाइनल में अध्यननरत है।