पहली नौकरी में अगर अच्छी सैलरी पाने की सोच रहे हैं तो फिर इंतजार खत्म। अगर आपने हाल ही कॉलेज से उच्च शिक्षा प्राप्त की है और नौकरी की तलाश कर रहे हैं तो कुछ ऐसे गिने-चुने सेक्टर्स हैं, जहां पर शुरुआत ही बढ़िया सैलेरी पैकेज से होती है। हम आपको ऐसे ही कुछ सेक्टर्स के बारे में बताने जा रहे हैं, जहां पर आप अपनी मनचाही नौकरी के लिए अप्लाई कर सकते हैं।
इस सेक्टर में मिलती है 10 लाख रुपये की सैलरी
अगर आपने एमबीबीएस या फिर हेल्थ सेक्टर से जुड़ा हुई कोई पढ़ाई की है तो फिर आप फॉर्मा व हेल्थकेयर इंडस्ट्री में अपना करियर बना सकते हैं। इस इंडस्ट्री में शुरुआती सैलरी 9.6 लाख रुपये है। इस सेक्टर में लोगों की काफी कमी है, इसलिए आपको तुरंत ही किसी भी सरकारी और प्राइवेट संस्थानों में आसानी से नौकरी मिल सकती है।
जीएसटी के हैं जानकार, तो मिलेगी नौकरी दमदार
अगर आपको गुड्स एंड सर्विस टैक्स की जानकारी है तो इस फील्ड में भी बढ़िया करियर बना सकते हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि जीएसटी के लागू होने के बाद कई कंपनियों में ऐसे जानकारों की जरुरत पड़ गई है जो कि इसकी बारिकियों को अच्छे से समझते हैं। इस फील्ड में शुरुआती सैलरी 9.4 लाख रुपये से शुरू होती है।
सेल्स, मार्केटिंग वालों के लिए है यह सेक्टर
सेल्स और मार्केटिंग में अगर आपने एमबीए किया है तो एफएमसीजी सेक्टर में नौकरी आपके लिए बनी है। इस सेक्टर में फूड, ब्रीवरेज, हेल्थकेयर, पर्सनल केयर जैसे सेगमेंट शामिल हैं। 2016 में इस सेक्टर ने 49 बिलियन डॉलर का कारोबार किया था। 2020 तक इसके 103.7 बिलियन डॉलर का कारोबार करने का अनुमान है।
सॉफ्टवेयर इंजीनियर्स के लिए यहां है जगह
अगर आपको आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस और सॉफ्टवेयर में महारत हासिल है तो आईटी सेक्टर आपके लिए बना है। इस सेक्टर में शुरुआती सैलरी 9.1 लाख रुपये है। ऑटोमेशन के दौर से गुजर रही इंडस्ट्री में नौकरियां काफी कम हो गई हैं, लेकिन नए लोगों के लिए अपार अवसर हैं।