शादी में पार्सल बम भेजकर दूल्हे समेत तीन को मौत की नींद सुलाने वाला आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ ही गया। जी हां, दो महीने पहले उड़ीसा के पाटनगढ़ में हुई इस घटना ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया था। एकबार के लिए जांच एजेंसी भी सोच में पड़ गई थी कि यह कोई आतंकी घटना तो नहीं। जांच अधिकारियों ने इस मामले को सुलझाने में दिनरात एक कर दिया तो चौंकाने वाला सच सामने आया...
दरअसल, इस घटना को एक प्रोफेसर ने अंजाम दिया था। उड़ीसा की पुलिस ने अब घटना के मास्टरमाइंड बताए जा रहे कुंजी लाल मेहर नाम के प्रोफेसर को गिरफ्तार कर लिया है। प्रोफेसर की ही निशानदेही पर बलांगीर क्राइम ब्रांच की टीम रायपुर पहुंची हुई है। इस मामले में अभी 7 अन्य संदिग्धों से भी पूछताछ की जा रही है।
रायपुर में मंगलवार शाम पांच बजे बलांगीर क्राइम ब्रांच की टीम गंज थाना इलाके में संचालित स्काई किंग कोरियर के संचालक हरविंदर सिंह सलूजा को अपने साथ लेकर पहुंची। बताया जा रहा है कि इस मामले में क्राइम ब्रांच के हाथ महत्वपूर्ण सुराग लगे हैं।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक स्काई किंग कोरियर से ही पार्सल बम का पैकेट भेजा गया था, ऐसे में उसके संचालक से आरोपियों की शिनाख्त कराई जा सकती है। इस मामले में रायपुर पुलिस भी खुलकर कुछ नहीं बोल रही है। एसके शर्मा नाम के व्यक्ति ने रायपुर से पाटनगढ़ एक कोरियर भेजा था।
कहा जा रहा है कि गिफ्ट होने की बात एसके शर्मा ने लिखी थी लेकिन उसमें आईईडी बम था। जैसे ही पार्सल खोला गया, जोर का बम धमाका हुआ। इस विस्फोट में तीन लोगों की मौत हो गई।जांच हुई तो पार्सल भेजने वाले एसके शर्मा का नाम फर्जी निकला। बताया जा रहा है कि अब पुलिस अखिलेश शर्मा नाम के शख्स की तलाश में रायपुर पहुंची है।