कड़ाके की इस ठंड में शीत लहर की मार से बचने के लिए लोग या तो गर्म कपड़े पहनकर खुद को सर्दी से बचा रहे हैं या फिर आग के आस-पास बैठकर गर्मी ले रहे हैं। लेकिन क्या हो जब अचानक से हर कोई अपनी पैंट, स्कर्ट और ट्राउजर उतार दें और पूरे दिन ऐसे ही रहकर अपना काम करें... ये सब पढ़कर आपको अटपटा लग रहा होगा लेकिन ऐसा ही नजारा सच में देखने को मिला है। जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही हैं।
दरअसल, अमेरिका के न्यूयॉर्क में कंपकंपाती ठंड के बावजूद लोग मेट्रो में बिना पैंट, ट्राउजर और स्कर्ट के नजर आए। चौंकिए मत, ऐसा नजारा आजकल मेक्सिको, न्यूयॉर्क, वाशिंगटन सहित कई शहरों में खुलेआम देखने को मिल रहा है। आप सोच रहे होंगे कि आखिर इन लोगों ने पैंट क्यों नहीं पहनी हैं?
बता दें कि मेक्सिको, न्यूयॉर्क, वाशिंगटन, शिकागो, बर्लिन और प्राग सहित दुनिया के 60 से ज्यादा शहरों में इन दिनों 'नो पैंट सबवे राइड' मनाया जा रहा है। इस इवेंट में लोग बिना पैंट पहने मेट्रो में सफर कर रहे हैं। 'नो पैंट सबवे राइड' के आयोजकों का कहना है कि यह इवेंट दुनिया के कई शहरों में मनाया जाता है। लोगों को इस इवेंट में भाग लेने के लिए मेट्रो में बिना पैंट पहने सफर करना होता है।
हालांकि यह इवेंट उन लोगों के लिए भी काफी रोमांचक होता है, जो इस इवेंट में हिस्सा नहीं लेते हैं। आपको बता दें, इस दौरान न्यूयॉर्क का तापमान शून्य से आठ डिग्री नीचे था लेकिन लोगों ने ठंड की परवाह किए बिना इसको सेलिब्रेट किया।
2002 में हुई थी 'नो पैंट सबवे राइड' इवेंट की शुरुआत
'नो पैंट सबवे राइड' इवेंट की शुरुआत सबसे पहले 12 जनवरी, 2002 को न्यूयॉर्क में हुई थी। 'इवप्रोव' नाम के मशहूर थिएटर ग्रुप ने इसे शुरू किया था। इस समूह के 7 लोगों ने न्यूयॉर्क में नो पैंट्स सबवे राइड मनाया, जिसे बाद में दुनिया के अन्य शहरों में भी मनाया जाने लगा।