किशनगंज जिले से एक दिल दहला देने वाली आग लगने की घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। पोठिया थाना क्षेत्र के टीपीझाड़ी पंचायत के कारीगांव के वार्ड-5 में शनिवार की दोपहर भीषण आग लगने से करीब दर्जनभर घर पूरी तरह जलकर राख हो गए। इस भीषण आगलगी में लाखों की संपत्ति स्वाहा हो गई, वहीं एक मवेशी की भी झुलसकर मौत हो गई।
Bihar News: भीषण आग लगने से दर्जनभर घर जलकर राख, लाखों की संपत्ति का नुकसान; एक मवेशी की भी मौत
Kishanganj News: टीपीझाड़ी के मुखिया प्रतिनिधि ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि आग लगने की इस घटना में लाखों की संपत्ति के साथ-साथ एक मवेशी की भी मौत हुई है।
-
- 1
-
Link Copied
लाखों का नुकसान, मवेशी की भी गई जान
आग लगने की घटना में कई परिवारों का सबकुछ जलकर राख हो गया, जिसमें घर में रखे कीमती सामान, अनाज, कपड़े, बर्तन समेत जरूरी दस्तावेज भी खाक हो गए। एक मवेशी की जलकर मौत होने की पुष्टि भी की गई है, जिससे ग्रामीणों का नुकसान और अधिक भावनात्मक हो गया।
फायर ब्रिगेड की असमर्थता बनी बड़ी चुनौती
आग की सूचना मिलते ही पोठिया थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। लेकिन स्थानीय फायर ब्रिगेड वाहन में महज 400 लीटर पानी होने के कारण आग पर काबू पाने में मुश्किलें आईं। इसके बाद ठाकुरगंज से अतिरिक्त फायर ब्रिगेड की टीम को बुलाया गया, जो आग बुझाने में जुटी रही।
मुखिया प्रतिनिधि ने जताया दुख
टीपीझाड़ी के मुखिया प्रतिनिधि मो. ताह जरकानी ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि आग लगने की इस घटना में लाखों की संपत्ति के साथ-साथ एक मवेशी की भी मौत हुई है। उन्होंने प्रशासन से प्रभावित परिवारों को त्वरित राहत व सहायता देने की मांग की है।
आग लगने के कारणों का नहीं चला पता
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, लेकिन शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट या जलावन की चिंगारी की संभावना जताई जा रही है। स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच में जुटी हुई है और पीड़ित परिवारों की सूची तैयार की जा रही है।
यह भी पढ़ें- Bihar News:अबीर-गुलाल खेलकर ससुराल जा रहे शख्स को अज्ञात वाहन ने कुचला, मौत से होली की खुशियां मातम में बदली
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है। लोगों का कहना है कि अगर समय पर पर्याप्त मात्रा में पानी और अग्निशमन संसाधन होते, तो इतना बड़ा नुकसान नहीं होता। इस घटना ने ग्रामीण क्षेत्रों में अग्निशमन व्यवस्था की पोल खोल दी है, जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं से निपटने के लिए मजबूत तैयारी की जरूरत महसूस की जा रही है।