देश की दूसरे नंबर की कार निर्माता कंपनी ह्यूंदै ने हाल ही में अपनी सब-कॉम्पैक्ट सेडान कार Hyundai Aura को सीएनजी के साथ लॉन्च किया था। कंपनी ने बेस सीएनजी वेरियंट की कीमत 7.29 लाख रुपये रखी थी। वहीं अपनी सीएनजी कारों पर 75 हजार रुपये के फायदे और डिस्काउंट्स, ऑफर कर रही है। जानते हैं ह्यूंदै की सीएनजी कारों पर कितना है ऑफर...
Hyundai की CNG कारों पर 75 हजार रुपये तक की छूट, रनिंग कॉस्ट दो रुपये प्रति किमी तक!
Hyundai Grand i10 (75 हजार रुपये तक)
ह्यूंदै अपनी हैचबैक कार ग्रैंड आई10 के Magna वेरियंट को सीएनजी के साथ बेचती है। ग्रैड आई10 में 1.2 लीटर का पेट्रोल इंजन मिलता है, जो 67 पीएस की पावर देता है। कंपनी इस कार पर 75 हजार रुपये तक के बेनिफिट्स दे रही है। इस कार की एक्स-शोरूम कीमत 6.53 लाख रुपये है। वहीं यह कार सीएनजी पर 24 किमी प्रति किग्रा तक का माइलेज देती है।
Hyundai Grand i10 Nios (20 हजार रुपये तक)
कंपनी ने Grand i10 Nios के प्लेटफॉर्म पर ही Hyundai Aura को लॉन्च किया था। कंपनी जल्द ही इस कार को 1.0- लीटर टर्बो चार्ज्ड पेट्रोल इंजन के साथ लॉन्च करेगी। बीएस6 इंजन के साथ आने वाली Nios में 1.2 लीटर का 4-सिलेंडर पेट्रोल इंजन मिलता है, जो 83 बीएचपी की पावर और 114 एनएम का टॉर्क देता है। इसका Magna वेरियंट सीएनजी किट के साथ आता है। कंपनी इस कार पर 20 हजार रुपये तक की छूट दे रही है। यह कार सीएनजी पर 26 किमी प्रति किग्रा तक का माइलेज देती है। Magna वेरियंट की एक्स-शोरूम कीमत 6.62 लाख रुपये है।
Hyundai Santro (55 हजार रुपये तक)
ह्यूंदै सेंट्रो के Magna वेरियंट को सीएनजी किट के साथ ऑफर कर रही है। इसमें 1.1 लीटर का 4-सिलेंडर पेट्रोल इंजन मिलता है, जो 59 पीएस की पावर और 86 एनएम का टॉर्क देता है। कंपनी इसमें इको कोटिंग टेक्नोल़ॉजी दे रही है। सेंट्रो सीएनजी पर 30.4 किमी प्रति किग्रा तक का माइलेज देती है। कंपनी इस कार 55 हजार रुपये तक के फायदे दे रही है। Magna वेरियंट की एक्स-शोरूम कीमत 5.48 लाख रुपये है।
Hyundai Aura
हाल ही में लॉन्च हुई Hyundai Aura को कंपनी ने सीएनजी किट के साथ भी लॉन्च किया है। कंपनी Hyundai Aura में 1.2 लीटर बीएस6 पेट्रोल इंजन दे रही है जो 84 बीएचपी की पावर और 113 एनएम का टॉर्क देता है। पेट्रोल पर यह कार 20.7 किमी प्रति लीटर तो, सीएनजी पर 26 किमी प्रति किग्रा तक का माइलेज देती है। जिससे कार की रनिंग कॉस्ट 2 रुपये प्रति किमी तक पड़ती है। सीएनजी बेस वेरियंट की एक्स-शोरूम कीमत 7.29 लाख रुपये है।