हाल ही में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग भारत आए थे। उनके साथ उनकी खास कारों का काफिला भी आया था। महाबलीपुरम प्रवास के दौरान जिनपिंग की कार होंग्की एल-5 काफी चर्चा में आई थी। लेकिन आपको यह जानकर हैरत होगी कि चीन की यह लिमोजिन असल में टोयोटा की सेंचुरी लिमो की हूबहू नकल है। ऐसा नहीं है कि चीन ने अकेले इसी कार की कॉपी की हो। दुनिया की तमाम शानदार लग्जरी कारों को चीन ने अपने देश में अलग नाम के साथ बनाया है। यहां तक कि चीन की निगाह से सबसे महंगी कारें बनाने वाली रॉल्स रॉयस भी नहीं बच सकी है। आइए देखते हैं अब तक चीन किन कारों की बना चुका है कार्बन कॉपी...
‘नकलची’ चीन ने बना दी दुनिया की इन शानदार लग्जरी कारों की नकल
रॉल्स रॉयस VS जीली जीई
2009 में चीन की जीली जीई (बाद में नाम एमग्रांड जीई) ने एलान किया था कि क्लासिक कार को फिर से पुनर्जीवित करने की तैयारी कर रही है। लेकिन जब यह कार लोगों के सामने आई थी, तो वह दिखने में रॉल्स रॉयस फैंटम से काफी मिलती-जुलती थी। कंपनी ने इस कार को शंघाई मोटर शो में पेश किया था। कंपनी ने इस कार की कीमत 44,000 हजार डॉलर रखी। हालांकि नई फैंटम की कीमत उस दौरान साढ़े तीन लाख डॉलर थी।
मर्सिडीज बेंज CLK Vs BYD S8
मर्सिडीज बेंज की यह कार एक वक्त में काफी पॉपुलर रही थी। वहीं चीन ने भी ऐसी मिलती-जुलती कार बना कर पेश कर दी। चीन की इस कार नाम था BYD S8, जो चीन की पहली हार्डटॉप कनवर्टिबल कार थी। इस कार का अगला हिस्सा जहां मर्सिडीज बेंज CLK से मिलता जुलता था, तो पिछला हिस्सा रेनो मेगाने सीसी की कॉपी था। कंपनी ने इस कार की कीमत 22 हजार डॉलर रखी थी। बाद में कंपनी ने इसका नाम F8 रख दिया।
मर्सिडीज बेंज GLA Vs K One
चीनी कंपनी की इस कार को देख कर आपकी पहली नजरों में मर्सिडीज जीएलए का अहसास होगा। लेकिन यह असल में के-वन है। इसकी शेप, हेडलाइट्स और रेडिएटर ग्रिल जीएलए से मिलता जुलता है। हालांकि जीएलए के मुकाबले के-वन साइज में छोटी है। वहीं के-वन इलेक्ट्रिक कार है और इसकी मोटर 128 हॉर्सपावर की ताकत पैदा करती है।
पोर्श मैकान vs Zotye SR8
मैकान पोर्श कंपनी की सबसे लग्जरी कारों में शामिल है। वहीं चीन ने मैकान की डुप्लीकेट कॉपी बनाकर अच्छों-अच्छों को हैरात में डाल दिया। मैकान का चीनी वर्जन Zotye SR8 (बाद में Zotye SR9) है। बाहर से दिखने के अलावा इस कार का इंटीरियर भी एक सा है। जानकारी के मुताबिक Zotye SR9 में 2.0 लीटर का मित्सुबिशी का इंजन लगा हुआ है, जो 190 बीएचपी की पावर देता है। वहीं मैकान में भी 2.0 लीटर का इंजन आता है, जो 252 एचपी की पावर देता है। वहीं Zotye SR9 की कीमत 16 हजार डॉलर से 24 हजार डॉलर तक है। जबकि पोर्श मैकान की कीमतों का अंदाजा आप खुद ही लगा सकते हैं।