अब आपको मारुति की कारें खरीदने के लिए शोरूम के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। देश की सबसे बड़ी कार बनाने वाली कंपनी मारुति सुजुकी अपने ग्राहकों के लिए कुछ यूनीक करने जा रही है। मारुति ने हाल ही में एक नया कांसैप्ट लांच किया है, जिसमें शोरूम सीधे आपके घर पहुंच जाएगा।
आपके दरवाजे पर चल कर पहुंचेगा Maruti का शोरूम, देख सकेंगे अपनी पसंद की कार
ट्रकों पर पहुंचेगा शोरूम
मारुति ने यूनीक नेक्सा ट्रकों को लांच किया है, यानी कह सकते हैं पूरा नेक्सा शोरूम चल कर आपके घर पहुंचेगा। नेक्सा डीलरशिप पर मारुति की प्रीमियम कारें बेची जाती है, जिनमें हैचबैक बलेनो, सेडान कार सियाज, क्रॉस हैचबैक इग्निस और क्रॉसओवर एसयूवी एस-क्रॉस शामिल है। वहीं अब अपने ग्राहकों को प्रीमियम फील देने के लिए नेक्सा ट्रक लांच किए हैं।
नेक्सा डीलरशिप की संख्या बेहद कम
इसकी वजह है कि मारुति एरेना डीलरशिप के मुकाबले नेक्सा डीलरशिप की संख्या बेहद कम है। वहीं नेक्सा ट्रकों के जरिए संभावित ग्राहकों के पास पहुंचने में आसानी होगी। हालांकि अभी तक किन शहरों और कस्बों में इस सेवा को लांच किया जाएगा, इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है। वहीं इसमें कौन-कौन सी कारें शोकेस की जाएंगी, इसके बारे में भी कुछ ज्यादा पता नहीं चल पाया है।
ग्लास पैनल से कवर
सामने आई फोटो में मारुति सुजुकी बलेनो अंदर खड़ी दिखाई दे रही है। मॉडिफाइड ट्रक को चारों तरफ से ग्लास पैनल से कवर किया गया है, वहीं अंदर खड़ी कार तक पहुंचने के लिए सीड़ियां दी गई हैं। वहीं अंदर इस तरह से सजावट की गई है कि लोगों को नेक्सा शोरूम की फीलिंग हो।
कुल बिक्री का 20 फीसदी हिस्सा नेक्सा शोरूम से
मारुति ने नेक्सा शोरूम को चार साल पहले लांच किया गया था और इसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। वहीं मारुति की कुल बिक्री का 20 फीसदी हिस्सा नेक्सा शोरूम से आता है। वहीं 200 शहरों में 360 से ज्यादा नेक्सा शोरूम खोल चुकी है और 9 लाख से ज्यादा नेक्सा कस्टमर्स हैं। वहीं कंपनी इन नेक्सा शोरूम में और भी कारें अपने पोर्टफोलियो में शामिल करने वाली है। खबरें है कि जल्द ही नेक्सा के बेड़े में अर्टिगा का प्रीमियम स्पोर्ट्स वर्जन शामिल होगा।