एक अप्रैल से देश की लगभग सभी वाहन निर्माता कंपनियां एक बार फिर से अपनी गाड़ियों के दाम बढ़ाने जा रही हैं। यह साल में दूसरा मौका होगा, जब कंपनियां दाम बढ़ाने की तैयारी कर रही हैं। कंपनियों का कहना है कि महंगे स्टील और एलुमीनियम के चलते निर्माण लागत में बढ़ोतरी हो रही है जिससे दाम बढ़ाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। नई कीमतें एक अप्रैल से प्रभावी होंगी। वहीं अभी तक कीमतों में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी सबकॉम्पैक्ट एसयूवी सेगमेंट में देखने को मिली है, पिछले तीन सालों में इनकी कीमतें 11 फीसदी तक बढ़ चुकी हैं।
जल्दी करें नई कार खरीदने का फैसला, सिर्फ एक दिन है बाकी, 11 फीसदी तक महंगी हो चुकी हैं छोटी SUV
मारुति सुजुकी
यह पहली कंपनी है जिसने दूसरी बार सबसे पहले दाम बढ़ाने का एलान किया था। कंपनी अप्रैल से दाम बढ़ाने जा रही है। कंपनी सूत्रों का कहना है कि कारों की एक्स-शोरूम कीमतों में 1-6 फीसदी की बढ़ोतरी हो सकती है। यह बढ़ोतरी 5,000 रुपये से 34 हजार रुपये के बीत होगी। हालांकि यह मॉडल और वैरियंट्स पर निर्भर करेगा।
निसान
जैपनीज कार निर्माता कंपनी निसान ने भी कीमतें बढ़ाने का फैसला किया है। हालांकि कंपनी ने यह खुलासा नहीं किया है कि वह कितने फीसदी की बढ़ोतरी करने जा रही है। यह बढ़ोतरी अलग-अलग मॉडल और वैरियंट पर निर्भर करेगी। निसान अपनी सबकॉम्पैक्ट मैगनाइट और डेटसन लाइनअप के दामों में बढ़ोतरी करेगी। वहीं मैगनाइट के दाम तीसरी बार बढ़ेंगे। पिछले साल जब मैगनाइट लॉन्च हुई तो उसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 4.99 लाख रुपये थी, जिसे कंपनी ने जनवरी में बढ़ा कर 5.49 लाख रुपये कर दिया था। वहीं इस महीने की शुरुआत में कंपनी ने इसके टर्बो वैरियंट के दाम 30 हजार रुपये तक बढ़ाए थे।
रेनो
वहीं निसान के अलावा रेनो भी अप्रैल से अपनी गाड़ियों के दाम बढ़ाने वाली है। यह बढ़ोतरी कंपनी की हालिया लॉन्च रेनो काइगर पर भी प्रभावी होगी। रेनो डीलर्स के मुताबिक कंपनी गाड़ियों की कीमतों में 10 से 15 हजार रुपये तक की बढ़ोतरी कर सकती है। हालांरकि यह अलग-अलग मॉडल्स और वैरियंट्स पर निर्भर करेगा। इससे पहले कंपनी ने इस साल जनवरी में कारों के मॉडल्स की कीमतों में 28 हजार रुपये तक की बढ़ोतरी की थी।
टोयोटा
बाकी कंपनियों की तरह टोयोटा भी अपनी गाड़ियों के दाम बढ़ाने जा रही है। टोयोटा ने भी निर्माण लागत में बढ़ोतरी का हवाला दिया है। टोयोटा का कहना है कि यह बढ़ोतरी हर मॉडल्स और वैरियंट्स के हिसाब से अलग-अलग होगी। कंपनी ग्लैंजा, अर्बन क्रूजर, यारिस, इनोवा क्रिस्टा, फॉर्च्यूनर, कैमरी और वेलफायर की कीमतों में बढ़ोतरी करेगी, जो एक अप्रैल से लागू होगी।