मेष
मेष राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह मिलाजुला रहने वाला है। सप्ताह की शुरुआत में आपके मन में कार्य विशेष को करने को लेकर असमंजस की स्थिति बनी रहेगी। इस दौरान आपको अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए बगैर इधर-उधर ध्यान भटकाए कठिन परिश्रम करना होगा। सप्ताह के पूर्वार्ध में छोटे-मोटे कार्य के लिए अधिक भागदौड़ करना पड़ सकता है। यदि आप किसी परीक्षा-प्रतियोगिता की तैयारी में जुटे हुए हैं तो आपको कठिन परिश्रम करने पर ही मनचाही सफलता की प्राप्ति होगी। यदि आप विदेश में करियर-कारोबार के लिए प्रयासरत हैं तो उससे जुड़ी अड़चन दूर करने में कोई मित्र काफी मददगार साबित होगा। यदि आप व्यवसाय से जुड़े हैं तो धन का लेन-देन और कोई बड़ी डील करते समय पूरी सावधानी बरतें और किसी पर आंख मूंदकर विश्वास न करें। पारिवारिक दृष्टि से यह सप्ताह थोड़ा उतार-चढ़ाव लिए रह सकता है। सप्ताह की शुरुआत में परिवार के किसी सदस्य के साथ कुछ मसलों को लेकर मतभेद पैदा हो सकता है। हालांकि किसी भी समस्या या विवाद को दूर करने में आपको अपने पिता या फिर गुरु समान व्यक्ति का पूरा सहयोग और समर्थन मिलेगा। यदि आप अपने प्रेम संबंध को प्रगाढ़ करना चाहते हैं तो अपने लव पार्टनर के प्रति ईमानदार रहें और अपने रिश्ते में पारदर्शिता बनाए रखें। मेष राशि वालों को इस सप्ताह अपनी दिनचर्या और खानपान का विशेष ख्याल रखने की आवश्यकता है, अन्यथा इस राशि के जातक मौसमी बीमारी के शिकार हो सकते हैं।
उपाय: प्रतिदिन देवी दुर्गा की लाल रंग का पुष्प चढ़ाकर पूजा तथा दुर्गा चालीसा का पाठ करें।