'अब अगली मंजिल मिस इंडिया का खिताब'
हौसले बुलंद हों तो मुश्किल से मुश्किल डगर भी आसान हो जाती है। ऐसा ही कुछ कर दिखाया है कुल्लू के दियार (टीला) गांव की तनुजा महंत ने। वह मनाली विंटर क्वीन ब्यूटी पीजेंट में फर्स्ट रनरअप रही हैं। मॉडलिंग में अपना कैरियर बनाना चाहती हैं। अमर उजाला से बातचीत में तनुजा ने बताया कि विंटर क्वीन उनका पहला ब्यूटी पीजेंट था। इससे पहले वह कभी इस तरह की प्रतियोगिता में शामिल नहीं हुई हैं। कहती हैं कि अब उनकी अगली मंजिल मिस इंडिया का खिताब हासिल करना है।
सामान्य परिवार से संबंध रखने वाली तनुजा की दो बहनें और एक भाई हैं। पिता चमन प्रकाश महंत ठेकेदार और माता डिंपल महंत गृहिणी हैं। उनकी पढ़ाई ब्रह्मर्षि स्कूल से हुई है। जमा एक और दो में कॉमर्स स्ट्रीम से अपने स्कूल में टॉप किया है। फिलहाल गवर्नमेंट कॉलेज कुल्लू से बीबीए कर रही हैं। इसके बाद कैट या मैट क्वालीफाई कर एमबीए करना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें अच्छे रोल ऑफर हुए तो वह जरूर फिल्मों में काम करना चाहेंगी।
मॉडलिंग में कैरियर बनाने की चाह, पिता हैं आदर्श
ग्लैमर की दुनिया में कैरियर बनाने के काफी विकल्प हैं। विज्ञापनों के जरिये भी अच्छा पैसा कमाया जा सकता है। वह पहाड़ी और पंजाबी फिल्मों में काम करने की इच्छुक नहीं हैं। उन्होंने कहा कि माता-पिता अपने बच्चों के लिए क्या कुछ नहीं करते, लेकिन यही बच्चे बाद में उन्हें दुख पहुंचाते हैं। उन्हें वृद्धाश्रम में छोड़ देते हैं। कहती हैं कि ये कहां का न्याय है जिन माता पिता ने आपको पढ़ाया-लिखाया आज उन्हें आप दर-दर की ठोकने खाने को मजबूर कर रह हो।
माता-पिता को कभी दुख न पहुंचाएं, वे जिंदगी के हर मोड़ पर आपके साथ होते हैं। अपने पिता को आदर्श मानती हैं। कहती हैं कि उनके पिता लोगों की सहायता को हर वक्त तैयार रहते हैं। इसी क्वालिटी को उन्होंने भी अपना लिया है। युवतियों से तनुजा का कहना है कि वे खुद पर विश्वास करें। आज किसी भी क्षेत्र में लड़कियां लड़कों से कम नहीं हैं।