Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   City & states ›   Preparations for the Ram Vivah festival in Orchha intensify auspicious songs will resonate for three days

ओरछा में राम विवाह महोत्सव की तैयारियां तेज: तीन दिन तक गूंजेंगे मंगल गीत, ढोल-नगाड़े के साथ निकलेगी बरात

Sat, 14 Nov 2026 04:51 PM IST
अस्मिता त्रिपाठी न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: अस्मिता त्रिपाठी Updated Sat, 14 Nov 2026 04:51 PM IST
सार

मध्य प्रदेश के ओरछा में 13 से 15 दिसंबर तक रामराजा सरकार का तीन दिवसीय विवाह महोत्सव आयोजित होगा। 14 दिसंबर को करीब 100 घोड़ों के साथ भव्य शाही बरात निकलेगी। पहली बार दो किलोमीटर तक साउंड सिस्टम से रामभजन गूंजेंगे। एक लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं।

विज्ञापन
Preparations for the Ram Vivah festival in Orchha intensify auspicious songs will resonate for three days
राम सीता (सांकेतिक तस्वीर)

विस्तार

मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल ओरछा में इस वर्ष रामराजा सरकार का तीन दिवसीय राम विवाह महोत्सव 13 से 15 दिसंबर तक बुंदेली परंपराओं और राजसी ठाट-बाट के साथ आयोजित किया जाएगा। इस ऐतिहासिक आयोजन में पहली बार मंदिर प्रांगण से लेकर दो किलोमीटर के दायरे में आधुनिक साउंड सिस्टम लगाए जाएंगे, जिनके माध्यम से श्रद्धालु लगातार रामभजनों का आनंद ले सकेंगे।
विज्ञापन


विवाह महोत्सव के दौरान 14 दिसंबर को निकलने वाली दूल्हा सरकार की शाही बरात में लगभग एक सैकड़ा घोड़े, पारंपरिक वाद्य यंत्र और राजसी प्रतीक शामिल होंगे। प्रशासन ने आयोजन स्थल पर एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं की संभावित उपस्थिति को ध्यान में रखते हुए व्यापक सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं की योजना तैयार की है।
विज्ञापन


सुरक्षा और जनसुविधाओं की व्यापक तैयारियां
कलेक्टर जमुना भिड़े की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान तय किया गया कि विशाल जनसमूह को देखते हुए मेला मैदान में पेयजल, रोशनी, शौचालय और स्वच्छता की पुख्ता व्यवस्था रहेगी। शीतकाल को देखते हुए नगर में जगह-जगह अलाव की व्यवस्था की जाएगी। स्वास्थ्य सुरक्षा के उद्देश्य से आयोजन स्थल पर अग्निशमन वाहन, एम्बुलेंस और चिकित्सकों की विशेष टीमें तैनात रहेंगी। इसके अतिरिक्त बेतवा नदी के घाटों पर सफाई और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के साथ-साथ तैराकों की तैनाती की जाएगी ताकि श्रद्धालु सुरक्षित रूप से स्नान कर सकें।
विज्ञापन
विज्ञापन


नौ दिसंबर से शुरू होंगी धार्मिक रस्में
मंदिर के पुरोहित आचार्य वीरेंद्र कुमार विदुआ के अनुसार महोत्सव से जुड़ी धार्मिक परंपराएं 9 दिसंबर से आरंभ हो जाएंगी। इस दिन सर्वप्रथम अन्नपूर्णा जी का पूजन होगा, जिसके बाद भट्टी पूजन करके तीन दिन तक चलने वाले बूंदी प्रसादी निर्माण का कार्य प्रारंभ किया जाएगा। इसके उपरांत 12 दिसंबर को मुख्य भोजन प्रसादी बनाने का कार्य शुरू होगा। बुंदेलखंड की प्राचीन परंपरा का निर्वहन करते हुए सबसे पहले लाला हरदौल जी को विवाह का निमंत्रण भेजा जाएगा।

इसके बाद, 13 दिसंबर को सुबह 11:00 बजे मंडप स्थापना और हल्दी की रस्म पूरी की जाएगी। दोपहर 3:00 बजे मंडप पूजन होने के पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जो देर रात 1:00 बजे तक चलेगा।

14 दिसंबर को निकलेगी राजसी बरात
महोत्सव के मुख्य दिवस 14 दिसंबर को मंदिर के पट सुबह 9:00 बजे के बजाय दोपहर 12:00 बजे भगवान रामराजा सरकार को विशेष उबटन लगाकर अनुपम शृंगार किया जाएगा। शाम 6:30 बजे कलेक्टर जमुना भिड़े स्वयं रामराजा सरकार को टीका करेंगी। तत्पश्चात शाम 7:00 बजे मंदिर के मुख्य द्वार पर पुलिस जवान गार्ड ऑफ ऑनर देंगे और पालकी में विराजमान रामराजा सरकार की भव्य बरात प्रस्थान करेगी।


यह बरात नगर के पारंपरिक मार्गों से होकर गुजरेगी। बरात में पंखा, तिकोना, छड़ी और मशाल जैसे राजसी प्रतीक चिह्नों के साथ ढोल-नगाड़े, बैंड-बाजे और रमतूला तथा झांझर जैसे पारंपरिक बुंदेली वाद्य यंत्रों की गूंज रहेगी। नगरवासी और श्रद्धालु जगह-जगह दूल्हा सरकार का टीका कर स्वागत करेंगे। बरात जनक मंदिर पहुंचकर टीका की रस्म के पश्चात रात लगभग 1:00 बजे वापस मंदिर परिसर पहुंचेगी। अगले दिन 15 दिसंबर को सुबह 9:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक राम कलेवा और पारंपरिक विवाह गीतों के गायन के साथ तीन दिवसीय महोत्सव का समापन होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed