चुनावी मैदान में केजरीवाल और सिसोदिया दोनों को एक साथ चुनौती दे रहा है यह अनोखा उम्मीदवार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली विधानसभा चुनाव में नई दिल्ली सीट सबसे ज्यादा हॉट मानी जाती है। इसका कारण यह है कि इस सीट ने दिल्ली को सबसे ज्यादा मुख्यमंत्री दिए हैं। इस बार भी मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल इसी सीट से अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इसके बाद पूर्वी दिल्ली की पटपड़गंज सीट सबसे अहम है, जहां से उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया चुनाव लड़ रहे हैं।
लेकिन इस चुनाव में एक ऐसा भी उम्मीदवार है, जो अकेले ही मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया दोनों को चुनौती दे रहा है। इस उम्मीदवार का नाम प्रताप चंद्रा है। वे राष्ट्रीय राष्ट्रवादी पार्टी से चुनाव मैदान में हैं। उन्होंने चुनाव आयोग को दिए हलफनामे में अपनी चल-अचल सहित कुल लगभग पांच करोड़ की संपत्ति भी घोषित की है।
संभवतया यह देश का पहला मामला है जहां किसी एक ही उम्मीदवार ने मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री दोनों को चुनौती पेश की हो।
पचास वर्षीय प्रताप चंद्रा टूरिज्म व्यवसाय से जुड़े हैं। वे मूलरूप से लखनऊ से संबंध रखते हैं, लेकिन अब दिल्ली ही उनकी कर्मस्थली बन गई है। वे चुनाव सुधार के लिए भी काम करते हैं। उन्होंने बताया कि वे दिल्ली के विकास के लिए ढेरों सपना संजोए हैं, लेकिन उनके ये सपने तब तक साकार नहीं हो सकते जब तक कि देश में चुनाव सुधार नहीं होते।
इसके लिए भी उन्होंने अनेक स्तर पर प्रयास किया है। उनका कहना है कि वे मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया दोनों के खिलाफ चुनाव लड़कर यही संदेश देना चाहते हैं कि दिल्ली उनके काम से संतुष्ट नहीं है। राजनीतिक दलों को केवल वायदे करना ही नहीं, बल्कि उन्हें निभाना भी चाहिए।
उन्होंने तीसरे विधानसभा क्षेत्र आरके पुरम से भी अपनी दावेदारी पेश की थी, लेकिन अधिकतम दो सीटों से चुनाव लड़ने की चुनाव आयोग की सीमा के चलते यहां से उन्होंने अपनी दावेदारी वापस ले ली है।